निर्भया सामूहिक दुष्कर्म मामले में चार दोषियों में से तीन ने तिहाड़ जेल प्रशासन के नोटिस का जवाब दे दिया है। चौथे दोषी मुकेश की ओर से कोई जवाब नहीं आया है। तीन दोषियों विनय, अक्षय और पवन की ओर दिए गए जवाब में दया याचिका से पहले क्यूरेटिव याचिका दायर करने की बात कही गई है। इस जवाब में लिखा है कि उनके पास अभी क्यूरेटिव याचिका दाखिल करने का विकल्प बचा है।
जेल के अतिरिक्त महानिरीक्षक राजकुमार ने बताया कि दोषियों के जवाब से पटियाला हाउस कोर्ट को अवगत कराया जाएगा। उसके बाद कोर्ट के आदेश का पालन किया जाएगा।
पटियाला हाउस कोर्ट ने निर्भया की मां की याचिका पर सुनवाई करते हुए कहा था कि जेल प्रशासन दोषियों को नोटिस जारी कर पूछे कि वह दया याचिका दायर करना चाहते हैं या नहीं। इस आदेश पर जेल प्रशासन ने चारों दोषियों को नोटिस जारी कर सात दिन में जवाब मांगा था। इस नोटिस के जवाब में विनय, अक्षय और पवन की ओर से जेल प्रशासन को जवाब दे दिया गया।
दोषियों के वकील एपी सिंह ने बताया कि क्यूरेटिव याचिका दायर करने के बाद जो भी नतीजे आएंगे उसके आधार पर वह आगे की रूपरेखा तैयार करेंगे। सात जनवरी को इस मामले की कोर्ट में सुनवाई होनी है।