दिल्ली में तीन पत्रकार कोरोना वायरस की चपेट में आए हैं। रविवार को जिला प्रशासन ने इनके कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि की है। इनके अलावा एक न्यूज एजेंसी का वाहन चालक भी कोरोना संक्रमित मिला है। प्रशासन के आगे सबसे बड़ी चुनौती इनके संक्रमण स्त्रोत का पता लगाना है। स्वास्थ्य विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि फोटो जर्नलिस्ट करोल बाग का निवासी है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया है कि करोल बाग स्थित एक एटीएम से रुपये निकालने के बाद उन्होंने पास में ही खड़े एक रेहड़ी-पटरी वाले से फल खरीदे थे। घर आने के बाद तबीयत खराब होने लगी और तेज बुखार हो गया। इसी दौरान जब जांच कराई तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई। वहीं पत्रकार का कहना है कि कोरोना का संक्रमण एटीएम या रेहड़ी-पटरी वाले ही से लगा है। हालांकि प्रशासन अब संक्रमण स्त्रोत का पता लगाने में जुट गया है। वहीं इन तीनों के संपर्क में आए बाकी पत्रकारों को भी होम क्वारंटीन के निर्देश दिए गए हैं।
मरकज से घर लौटे जमाती से परिवार के 11 लोग संक्रमित
निजामुद्दीन स्थित मरकज में तब्लीगी जमात से संक्रमित होने के बाद घर पहुंचे एक शख्स से उसका पूरा परिवार कोरोना की चपेट में आ गया। रविवार को नंदनगरी स्थित सुंदर नगरी में यह परिवार कोरोना संक्रमित मिला है। परिवार के सभी 11 सदस्यों को भर्ती किया जा चुका है। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, 15 अप्रैल को सुंदर नगरी निवासी एक शख्स में कोरोना लक्षण मिलने पर जांच कराई थी। 17 अप्रैल को पॉजिटिव रिपोर्ट मिलने के बाद उसे लोकनायक अस्पताल भर्ती कराया गया। उसके परिवार के अन्य सदस्यों की जांच भी की गई। रविवार को यह सभी संक्रमित मिले। इनमें चार भाई, उनकी पत्नी व बच्चे शामिल हैं। सभी रोगियों में पहली स्टेज का कोरोना संक्रमण मिलने के चलते मंडोली स्थित क्वारंटीन केंद्र में रखा गया है। जिला प्रशासन ने इस परिवार से संपर्क करने वालों की पहचान करना भी शुरू कर दिया है।