बुधवार रात करीब साढ़े 10 बजे लोगों ने एओ ब्लॉक शालीमार बाग जाम लगा दिया। हाथों में तिरंगे लेकर वह नशे के धंधे पर रोक लगाने की मांग कर रहे थे। इस बीच गश्त करते हुए वजीरपुर औद्योगिक क्षेत्र चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक प्रेमप्रकाश टीम के साथ पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग नहीं माने और हंगामा करने लगे। मौके की नजाकत भांपते हुए कई थानों की फोर्स बुला ली गई।
आरोप है कि पुलिस ने जब लोगों को हटाने का प्रयास किया तो उन्होंने पथराव कर डाला। पुलिसकर्मियों के ऊपर बोतलें फेंकी गईं। पथराव से पुलिस की चार गाड़ियों के शीशे टूट गए। उपद्रव कर रहे लोगों ने यातायात पुलिसकर्मी की एक बाइक को आग लगाने की कोशिश की, लेकिन आग पर तुरंत काबू पा लिया गया।
ये हुए घायल
पथराव में सुभाष प्लेस के थाना प्रभारी राजेश झा, केशवपुरम थाना प्रभारी राजेश कुमार, उपनिरीक्षक प्रेम प्रकाश सिंह, सहायक पुलिस निरीक्षक मनोज कुमार, हवलदार अनिल कुमार, सिपाही अशोक और राकेश घायल हो गए। एक स्थानीय निवासी संतोष भी जख्मी है।
पुलिस का दावा
पुलिस का कहना है कि स्थानीय निवासी संतोष का तीन नशेड़ियों से झगड़ा हो गया था। उसके बाद संतोष झुग्गी से लोगों को बुलाकर सड़क पर ले आया और नशेड़ियों पर अंकुश लगाने की मांग को लेकर सड़क जाम लगा दिया।
हंगामा कर रहे लोगों को खदेड़ने के लिए मामूली बल प्रयोग किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। - ऊषा रंगनानी, डीसीपी उत्तर-पश्चिम जिला