संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। निकोटीन पाउच में तंबाकू की पत्तियां नहीं होतीं, लेकिन इनमें मौजूद निकोटीन अत्यधिक नशे की लत लगाने वाला पदार्थ है। ऐसे उत्पादों का बढ़ता उपयोग गंभीर स्वास्थ्य चुनौती बन सकता है। निकोटीन पाउच को लेकर विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने चेतावनी जारी की है। संगठन की वैश्विक रिपोर्ट में कहा गया है कि निकोटीन पाउच को आकर्षक पैकेजिंग, अलग-अलग फ्लेवर और सोशल मीडिया प्रचार के जरिए युवाओं के बीच लोकप्रिय बनाया जा रहा है। इन उत्पादों को अपेक्षाकृत सुरक्षित बताकर पेश किया जाता है, जबकि इनका नियमित सेवन निकोटीन की लत लगा सकता है।
उधर, गुरु तेग बहादुर अस्पताल के एडिशनल मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. प्रवीण कुमार ने कहा कि निकोटीन का सेवन हृदय गति और रक्तचाप बढ़ा सकता है। लंबे समय तक इसके उपयोग से हृदय संबंधी समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है। इसके अलावा किशोरों में मस्तिष्क के विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की भी आशंका होती है। साथ ही इसके सेवन से मुंह और मसूड़े संबंधी समस्याएं भी हो सकती हैं।