राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने दिल्ली के पूर्व कानून मंत्री सोमनाथ भारती के खिलाफ अफ्रीकी महिलाओं से बदसलूकी मामले में पुलिस को उचित कदम उठाने को कहा है।
इससे पहले मीडिया में ऐसी खबरें आई थीं कि आयोग ने सोमनाथ के खिलाफ दिल्ली पुलिस को कार्रवाई करने का निर्देश दिया है और इस संबंध में आठ हफ्ते में रिपोर्ट भी तलब की है।
हालांकि बाद में आयोग ने साफ किया कि उसने ऐसा कोई निर्देश नहीं दिया है। उसने सिर्फ खिड़की एक्सटेंशन में देर रात छापेमारी की घटना के मामले में उचित कार्रवाई का निर्देश दिया है।
आज ही आई थीं कार्रवाई होने की खबरें
आज दोपहर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के हवाले से अचानक खबरें आईं कि आयोग ने दिल्ली के पूर्व कानून मंत्री सोमनाथ भारती पर कार्रवाई के आदेश देने की बात कही है। साथ ही सात महीने के भीतर पूरी रिपोर्ट तलब की है।
इन खबरों बाद दिन भर आप समर्थकों के खेलें में हलचल बनी रही। कुछ लोगों ने तो यहां तक कयास लगा लिए कि अब आम आदमी पार्टी सोमनाथ भारती को पार्टी से निकाल देगी।
लेकिन शाम को आयोग ने इन खबरों का खंडन कर आप को राहत दी। दरअसल आयोग को खिड़की एक्सटेंशन मामले की एक अन्य शिकायत मिलने पर इसे संबंधित विभाग को उचित कार्रवाई के लिए अग्रेषित कर दिया था। जिसे आयोग के निर्देश के तौर पर देखा जाने लगा।
चुनाव बाद हो सकती है सोमनाथ पर कार्रवाई
दिल्ली पुलिस आयुक्त भीमसेन बस्सी ने सोमवार को कहा कि सोमनाथ भारती मामले की जांच की जा रही है। जांच व मामले का अध्ययन करने के बाद उचित कदम उठाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सोमनाथ भारती मामले में चुनावों के बाद ही कदम उठाया जाएगा। मालवीय नगर के खिड़की एक्सटेंशन में अफ्रीकी मूल की महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार व छेड़छाड़ मामले की जांच महरौली थानाध्यक्ष कर रहे हैं।
माना जा रहा है कि दिल्ली पुलिस सोमनाथ भारती मामले में दस अप्रैल के बाद ही कुछ कदम उठाएगी।