एनएचएआई ने ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे की तर्ज पर दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर भी टोल टैक्स लेने की योजना बनाई है। दिल्ली से मेरठ के बीच चार जगह टोल प्लाजा बनाए जाएंगे। वाहन चालकों को इस दूरी में किसी एक ही जगह पर टोल देना होगा।
दिल्ली से मेरठ के बीच में जहां पर वाहन चालक निकास करेंगे, वहीं टोल देना होगा। चार पहिये वाले वाहनों के लिए टोल की फीस न्यूनतम 35 रुपये और
अधिकतम75 रुपये होगी।
पढ़ें:
योगी सरकार का पहला मंत्रिमंडल विस्तार आज, एक दर्जन से ज्यादा नए चेहरे लेंगे शपथ
एनएचएआई ने 2017 में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे का निर्माण शुरू किया है। इस पर छह लेन सिर्फ मेरठ जाने के लिए होंगी। केवल चार जगहों पर ही प्रवेश और निकास द्वार होगा। इन चारों जगह टोल प्लाजा बनाए जाएंगे।
लेन में प्रवेश के दौरान वाहन चालक पर्ची लेंगे और जिस जगह उतरेंगे वहां टोल चुकाने की पर्ची देकर बाहर निकल सकेंगे। एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर आरपी सिंह ने मंगलवार को बताया कि विभाग ने पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे की तर्ज पर टोल लेने का निर्णय लिया है।
गाजियाबाद में लालकुआं के पास, ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से दो किलोमीटर आगे, भोजपुर और मेरठ में परतापुर के पास टोल प्लाजा बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि दिल्ली से मेरठ के बीच वाहन चालक को सिर्फ निकासी स्थल पर ही टोल देना होगा। टोल की दरें एनएचएआई के मानकों के आधार पर तय की जाएंगी।
दिल्ली से लालकुआं के बीच एक ही जगह टोल
प्रोजेक्ट डायरेक्टर ने बताया कि दिल्ली से डासना तक 14 लेन की सड़क होगी। दिल्ली से यूपी गेट के बीच 14 लेन पर यात्री सफर कर सकेंगे। यूपी गेट से डासना के बीच 14 लेन में से छह लेन सिर्फ मेरठ के लिए होगी।
टीएचए से मेरठ जाने के लिए छह लेन पर इंट्री इंदिरापुरम में काला पत्थर के पास मिलेगी। अगला इंट्री और एग्जिट प्वाइंट लालकुआं के पास होगा। जो वाहन चालक दिल्ली से लालकुआं तक की सफर करेंगे, उन्हें लालकुआं में एग्जिट प्वाइंट पर टोल फीस देनी होगी।
जो लालकुआं से मेरठ के लिए चलेंगे, वह जहां भी एग्जिट करेंगे वहां टोल फीस देनी होगी। चूंकि इंट्री प्वाइंट पर ही पर्ची कटानी होगी, इसलिए एग्जिट प्वाइंट पर यह पता चल जाएगा कि वाहन चालक ने कितनी दूरी तय की है। तय दूरी के अनुसार टोल फीस लगेगी।
यहां बनेंगे टोल प्लाजा
- गाजियाबाद में लालकुआं के पास
- ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से दो किमी आगे
- भोजपुर और मेरठ में परतापुर के पास।
यूपी गेट से लालकुआं के बीच बच सकेंगे टोल से
यूपी गेट से डासना के बीच वाहन चालक चार चार लेन की हाइवे पर भी सफर कर सकते हैं। इस दूरी में चार-चार लेन पर सफर करने वाले वाहन चालकों को कोई टोल नहीं चुकाना पडे़गा। दिल्ली से लालकुआं तक जाने वाले वाहन चालक चार लेन का उपयोग कर टोल देने से बच जाएंगे। इस दूरी में 18 अंडरपास होंगे और किसी भी अंडरपास से वाहन चालक एग्जिट कर सकते हैं।