नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने प्रगति मैदान के प्रदर्शनी लगाने वाले हिस्से के पुनर्निर्माण पर ताजा रिपोर्ट मांगी है। दरअसल इसके निर्माण कार्य पर रोक लगाने को लेकर दायर एक याचिका के बाद एनजीटी ने यह रिपोर्ट मांगी है।
एनजीटी के चेयरपर्सन जस्टिस आदर्श कुमार गोयल की अध्यक्षता वाली पीठ ने वन एवं पर्यावरण मंत्रालय के अधिकारियों, सीपीसीबी और डीपीसीसी की संयुक्त समिति को एक महीने के अंदर रिपोर्ट देने को कहा है।
पीठ ने कहा कि एनजीटी द्वारा गठित संयुक्त समिति इस मामले पर गौर करने के बाद ई-मेल के जरिये अपनी रिपोर्ट दे सकती है। ट्रिब्यूनल ने 25 जुलाई को संयुक्त समिति की रिपोर्ट के बाद आदेश पारित किया था।
रिपोर्ट में कहा गया था कि दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति को पूरे आईटीपीओ परिसर को बनाने और रेडी मिक्स कंक्रीट प्लांट के संचालन के बारे में जल्द फैसला लेना चाहिए।
पीठ ने कहा कि आईटीपीओ परिसर में अभी कई स्थानों पर निर्माण और तोड़-फोड़ वाले कबाड़ पड़े हुए हैं। उन्हें जल्द से जल्द अधिकृत प्रोसेसिंग वाली जगह भेजा जाए और निर्माण के दौरान निकले कबाड़ के निपटान में नियमों का सख्ती से पालन किया जाए।