दिल्ली में स्मॉग की हानिकारक परत और प्रदूषण के बढ़ते स्तर और उससे होने वाले खतरे को देखते हुए एमसीडी ने अपने सभी स्कूलों को शनिवार को भी बंद रखने का फैसला किया है।
मालूम हो कि दिल्ली सहित आसपास के चार राज्यों में खतरनाक स्तर पर पहुंच चुके प्रदूषण पर कड़ा रुख अख्तियार करते हुए एनजीटी ने शुक्रवार को चार राज्यों के सचिवों को समन जारी किया है।
जिन चार राज्यों को कोर्ट ने समन दिया है उनमें दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान शामिल हैं। इन चार राज्यों के पर्यावरण सचिवों से बढ़ते प्रदुषण और फसलों के जलाए जाने पर एनजीटी ने 8 नवंबर तक जवाब देने को कहा है।
एनजीटी ने केंद्रीय व दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को प्रदूषण कम करने के लिए जरूरी कदम उठाने को कहा है। दिल्ली सरकार से जब ट्रिब्यूनल ने राज्य में बढ़ते प्रदूषण का कारण पूछा तो जवाब में सरकार ने दूसरे राज्यों में फसलों के अवशेष जलाए जाने को इसका कारण बताया। हालांकि दिल्ली सरकार के इस जवाब से एनजीटी संतुष्ट नहीं हुई और कहा कि दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण का ये कारण नहीं है।