अगले साल से सीबीएसई की बोर्ड परीक्षाएं 15 फरवरी से ही शुरू होंगी। साथ ही 10 की बजाय 16 रीजन में परीक्षाएं होंगी। ये छह रीजन चंडीगढ़, बंगलूरू, भोपाल, दिल्ली वेस्ट, नोएडा और पुणे हैं। रिजल्ट भी मई के पहले सप्ताह में आ जाएगा।
बोर्ड ने जल्दी रिजल्ट जारी करने की शुरुआत और अब फरवरी में ही परीक्षाएं शुरू कराने की शुरुआत इसी साल से कर दी है। ऐसा इसलिए किया जा रहा है कि ताकि छात्रों को डीयू में दाखिला लेने में पर्याप्त समय मिल जाए। बीते कई साल से नतीजे मई के तीसरे सप्ताह में आते रहे हैं।
बीते साल कोर्ट ने सीबीएसई को कहा था कि वह समय से सभी प्रक्रियाओं को पूरा करे, जिससे कि छात्रों को उच्च शिक्षा में दाखिला लेेने में परेशानी न उठानी पड़े। इसको देखते हुए सीबीएसई ने इस बार रिकॉर्ड समय में रिजल्ट निकाल दिया है। सीबीएसई अध्यक्ष अनीता करवाल ने कहा कि 4 अप्रैल को परीक्षा समाप्त हुई। उसके 28 दिन के भीतर हमने रियल टाइम में रिजल्ट जारी कर दिया। रिजल्ट तैयार करने वाले कर्मचारी बीते 15 दिन से घर नहीं गए। वह लगातार रिजल्ट जारी करने की तैयारी में जुटे थे।