थर्ड टॉपर महक तलवार को मिठाई खिलाती दादी
- फोटो : अमर उजाला
सीबीएसई के नतीजों में विराज जिंदल के साथ-साथ महक तलवार ने भी पूरे देश में तीसरा स्थान हासिल किया है। डीपीएस रोहिणी में पढ़ीं महक को 99.4 प्रतिशत अंक हासिल हुए हैं। महक अपनी इस उपलब्धि पर बहुत खुश हैं और उन्होंने इसका श्रेय माता-पिता के साथ-साथ दादा-दादी को भी दिया है। महक का कहना है कि वह मनोविज्ञान और अंग्रेजी विषय में अपना भविष्य बनाने में दिलचस्पी रखती हैं। वह आगे की पढ़ाई सेंट स्टीफन व अशोका यूनिवर्सिटी में करना चाहती हैं।
महक अपनी कामयाबी के पीछे कड़ी मेहनत और माता-पिता का आशीर्वाद मानती है। महक ने बताया कि वे अपने विषयों को बोझ समझकर नहीं, बल्कि उनमें दिलचस्पी लेकर पढ़ाई करती हैं, जिसका फल उन्हें मिला है। महक ने बताया कि वह 11वीं कक्षा में अपने नाम से एक किताब ‘द फैंटम पराडोक्स’ प्रकाशित करवा चुकी हैं, जो वेबसाइट पर उपलब्ध है।
चार विषयों में हासिल किए पूरे अंक
मनोविज्ञान, राजनीतिक विज्ञान, समाजशास्त्र, इतिहास और अंग्रेजी में 500 में से 497 अंक हासिल किए हैं। इनमें महक को अंग्रेजी के अलावा सभी विषयों में पूरे अंक मिले हैं, जबकि अंग्रेजी में उन्हें 97 अंक हासिल हुए हैं। महक ने बताया कि उनके माता-पिता दोनों डॉक्टर हैं और उनके दादा इंजीनियर रह चुके हैं, लेकिन उन्होंने कभी महक पर अपनी मर्जी नहीं थोपी और अपनी पसंद के विषय चुनने की आजादी दी।
इंदिरा गांधी को करती हैं पसंद
महक को अंग्रेजी और मनोविज्ञान के साथ-साथ राजनीति में भी दिलचस्पी है। भारतीय राजनीतिज्ञों में उन्हें इंदिरा गांधी सबसे ज्यादा पसंद हैं। वे कहती हैं कि इंदिरा गांधी ने देश की पहली महिला प्रधानमंत्री बनकर एक लीक कायम की और वह सभी महिलाओं को राजनीतिक रूप से जागरूक होने की प्रेरणा देती हैं।