यमुना प्राधिकरण अगस्त के तीसरे सप्ताह में एयरपोर्ट के निर्माण के लिए निविदा निकालने की तैयारी कर रहा है। सितंबर तक जेवर में प्रस्तावित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए पर्यावरण मंत्रालय से भी एनओसी मिलने की उम्मीद है। यह आखिरी एनओसी होगी।
यमुना प्राधिकरण के चेयरमैन डॉ. प्रभात कुमार ने सोमवार को समीक्षा बैठक की, जिसमें एयरपोर्ट के अब तक हुई प्रगति पर भी चर्चा हुई। सीईओ डॉ अरुणवीर सिंह ने बताया कि एयरपोर्ट निर्माण के लिए निविदा प्रपत्र जल्द तैयार कर लिया जाएगा।
अगले महीने इसका ग्लोबल टेंडर निकाला जाएगा। साथ ही सितंबर में पर्यावरण मंत्रालय से भी एनओसी मिलने की उम्मीद है। इसकी प्रक्रिया भी चल रही है। पर्यावरण मंत्रालय से एनओसी मिलना आखिरी प्रक्रिया होगी। उन्होंने बताया कि सभी काम तय समय पर चल रहे हैं। तय समय पर शिलान्यास कराने की तैयारी चल रही है।
बता दें, कि एयरपोर्ट के पहले चरण का कार्य शुरू करने के लिए करीब 1450 एकड़ जमीन की दरकार है, जिसके लिए किसानों से सहमति बनाने की कोशिश हो रही है। सीईओ ने बताया कि वैसे तो सहमति के लिए 26 जुलाई की तिथि तय की गई थी, लेकिन किसान अब भी सहमति दे सकते हैं।
पीएम भी आ सकते हैं ग्रेनो
ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में बन रहे पतंजलि फूड पार्क का शिलान्यास करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी जल्द आ सकते हैं। सूत्रों ने बताया कि पतंजलि समूह पीएम से शिलान्यास कराने के लिए प्रयासरत है। बता दें कि पतंजलि उद्योग को करीब 455 एकड़ जमीन सेक्टर 24 व 24ए में आवंटित की गई है। इसके अलावा सेक्टर-22ई में संस्थागत भूखंड आवंटित किया गया है। मौके पर निर्माण कार्य भी चल रहा है।