न्यू शिवपुरी कॉलोनी में मंगलवार रात एक नवविवाहिता संदिग्ध हालात में झुलस गई। देर रात उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
मायके वालों ने दहेज के लिए महिला को जलाने का आरोप लगाया है। सूत्रों के मुताबिक रिश्तेदार दोनों पक्षों में समझौता कराने की जुगत में हैं।
जसराना हाथरस निवासी रामभूल की बेटी अलका की शादी न्यू शिवपुरी निवासी युवक से तीन महीने पहले हुई थी। मायके वालों के मुताबिक शादी में दान दहेज देने के बाद भी ससुराली कार और दो लाख रुपये के लिए बेटी का उत्पीड़न कर रहे थे।
रामभूल की मानें तो दो दिन पहले अलका ने फोन कर पति और सास पर मारपीट करने का आरोप लगाया था। मंगलवार रात बारह बजे दामाद ने फोन पर खाना पकाते वक्त झुलसने की सूचना दी।
बुधवार सुबह जब मायके वाले पहुंचे तो अलका को निजी अस्पताल से दिल्ली रेफर करा ले गए। ससुरालियों ने दहेज के लिए जलाने की बात से इनकार किया है।
प्रकरण पर रिश्तेदार दोनों परिवारों के बीच समझौता कराने के प्रयास में जुटे हैं। मायके वालों ने अब तक तहरीर नहीं दी है।