ये कैसी मां की ममता है, दो मां ने प्रसव के बाद नवजातों को खुद से जुदा कर दिया। एक ने कुछ देर पहले ही जन्मे बच्चे को इतनी कड़कड़ाती सर्दी में सड़क किनारे छोड़ दिया तो दूसरी ने फरीदाबाद के बीके अस्पताल में बच्चे को जन्म देने के बाद वहीं छोड़ दिया। पुलिस ने दोनों बच्चों को बीके अस्पताल के एनआईसीयू वार्ड में भर्ती कराया है।
जन्म देकर ऐसे लावारिस हालत में छोड़ देने वाली माताओं को पुलिस तलाश रही है। संजय कॉलोनी निवासी विमल कुमार रविवार सुबह साढ़े पांच बजे टहलने के लिए घर से निकले थे। विमल कुमार के मुताबिक पंजाबी रोलिंग मिल के पास उन्हें बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। पास जाकर देखा तो सड़क किनारे एक कपड़े में लिपटा हुआ नवजात ठंड में पड़ा रो रहा था।
उन्होंने बच्चे को तौलिया में लपेटा और पुलिस को सूचना दी। मुजेसर थाने के एएसआई कुलजीत सिंह ने बताया कि बच्चे को बीके सिविल अस्पताल के निकु वार्ड में भर्ती कराया गया है। विधि देवी संजय नगर सेक्टर सात में रहती हैं। उन्होंने बहू सोनिया को प्रसव के लिए 5 जनवरी को बीके सिविल अस्पताल में भर्ती कराया था।