फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अस्पताल से नवजात चोरी: आरोपी महिला ने बच्चे की मां से दोस्ती बढ़ाकर की वारदात, दो गिरफ्तार, मासूम सकुशल बरामद

Tue, 17 Feb 2026 10:37 PM IST
आकाश दुबे अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली

सार

पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर आरोपियों को दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस वे से दबोचा है। बच्चा चोरी कर आरोपी उन्नाव ले जा रहे थे। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही। अस्पताल में भर्ती महिला ने 14 फरवरी को बेटे को जन्म दिया था।
विज्ञापन
बच्चा चोरी करके ले जाती हुई महिला - फोटो : वीडियो ग्रैब
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

नॉर्थ रोहिणी स्थित बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल के जच्चा-बच्चा वार्ड से मंगलवार सुबह एक नवजात चोरी हो गया। मासूम के माता-पिता ने अपना बच्चा गायब पाया तो फौरन पुलिस को खबर दी। बच्चा चोरी होने की शिकायत मिलते ही अस्पताल में हड़कंच मच गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर कई टीमों का गठन कर दिया।

विज्ञापन


महज 12 घंटे के भीतर पुलिस ने मंगलवार को एक महिला व उसके कम उम्र के कथित प्रेमी को गिरफ्तार कर मासूम को सकुशल बरामद कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सिरसपुर, दिल्ली निवासी इंदू देवी (40) और इसके प्रेमी अहिबरन सक्सेना (20) के रूप में हुई है। दरअसल महिला दावा कर रही है कि उसने अहिबरन से शादी कर ली है।

उसके घर वालों को दिखाने के लिए नवजात की जरूरत थी, इसलिए उन्होंने नवजात की मां से अस्पताल में नजदीकियां बढ़ाकर मंगलवार को बच्चा चोरी कर लिया। हैरत की बात यह है कि अस्पताल के जच्चा-बच्चा वार्ड में भारी सुरक्षा होने के बावजूद महिला बच्चा ले जाने में कामयाब हो गई। पुलिस की तत्परता से नवजात सकुशल बरामद हो गया।

रोहिणी जिला के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजीव रंजन ने बताया कि नरेला निवासी जाकिर अली ने 12 फरवरी को प्रसव पीड़ा के बाद अपनी पत्नी शाहीन को अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया था। पेशे से वेल्डर जाकिर के यहां 6 और 2 साल के दो बेटे पहले हैं। 14 फरवरी को शाहीन ने लड़के को जन्म दिया।

शाहीन अस्पताल में भर्ती थी। इस बीच जच्चा-बच्चा वार्ड में इंदू देवी नामक महिला आकर शाहीन से नजदीकियां बढ़ाने लगी। शाहीन से उसने कहा कि उसकी बहन के यहां बच्चा हुआ है, वहीं अस्पताल की नर्स और बाकी सुरक्षा स्टाफ को वह चुपचाप शाहीन को ही अपनी बहन बताकर आने-जाने लगी। सोमवार को पत्नी के बेड पर बैठा देखकर जाकिर ने इंदू को टोका भी था।

इस बीच मंगलवार तड़के शाहीन वार्ड में बच्चे के साथ थी। उसने सुबह चार बजे बच्चे को दूध पिलाया। इंदू भी पांच बजे तक उसके साथ वार्ड में थी। इंदू ने कभी उसे अपनी पहचान नहीं बताई। पांच बजे उसने शाहीन से आराम करने के लिए कहा और बच्चे को गोद में लेकर खिलाने लगी। शाहीन सो गई।

आठ बजे पति के आने पर शाहीन की आंख खुली तो बच्चा और महिला गायब थे। जाकिर ने पुलिस को खबर दी। फौरन करीब 10 टीमों का गठन कर उनको अलग-अलग दिशा में भेजा गया। सीसीटीवी कैमरे की पड़ताल हुई। उसके आधार पर महिला की पहचान कर उसकी तलाश में टीम को भेजा गया। शाम के समय नोएडा के पास दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस वे आरोपियों को दबोच लिया गया।

इंदू पति से अलग अपने कथित प्रेमी के साथ सिरसपुर में रह रही थी...
पुलिस की जांच में पता चला है कि इंदू देवी अपने पति मोती पासवान से अलग सिरसपुर में रहती थी। मोती ने उसे छोड़ दिया है, वह अलग नोएडा में रहता है। इस बीच इंदू की अहिबरन से नजदीकियां बढ़ गईं। इंदू का दावा है कि दोनों ने शादी भी कर ली है। अहिबरन उन्नाव का रहने वाला है। उसके परिजनों को शादी का सबूत देने के लिए इन लोगों ने अस्पताल से किसी नवजात को चोरी करने की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया। कई दिनों तक इंदू ने अस्पताल में रेकी की। बाद में उसने शाहीन का बच्चा चोरी करने की ठानी और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस दोनों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
विज्ञापन

अस्पताल में सुरक्षा के दावे एक बार फिर हवा-हवाई...
अंबेडकर अस्पताल में बच्चा चोरी होने की यह कोई पहली वारदात नहीं है। अक्तूबर और दिसंबर में भी ठीक इसी तरह अंबेडकर अस्पताल से दो बच्चे चोरी हुए थे। अच्छी बात यह रही कि पुलिस ने चंद ही घंटों बाद दोनों बच्चों को बरामद कर लिया था। मंगलवार को जब अस्पताल से बच्चा चोरी हुआ, उस समय जच्चा-बच्चा वार्ड में पांच महिला गार्ड थीं।

वहीं गेट पर एक पुरुष गार्ड भी था। उन सबको चकमा देकर महिला बच्चा चुराकर ले गई। अस्पताल प्रशासन दबी जुबान में इस पर बात कर रहा है। वहीं इंदू लगातार अस्पताल के वार्ड में आ रही थी। अटेंडेंट का पास बना होता है, किसी ने उसका पास क्यों नहीं देखा? इससे अस्पताल की सुरक्षा पर सवाल खड़े होते हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें