दिल्ली मेट्रो की रेड लाइन (रिठाला-दिलशाद गार्डन) कॉरिडोर का नया सेक्शन दिलशाद गार्डन से न्यू बस अड्डा (गाजियाबाद) तक बनकर तैयार है। इसका तकनीकी परीक्षण भी जारी है। डीएमआरसी नए साल के मौके पर लोगों को इस सेक्शन का तोहफा देने वाला है। इसके शुरू होने से गाजियाबाद के यात्रियों का गुरुग्राम, फरीदाबाद और बल्लभगढ़ पहुंचना आसान हो जाएगा। सेक्शन की डेडलाइन दिसंबर 2018 है। इसे 31 दिसंबर या इसके बाद खोला जा सकता है।
इस सेक्शन पर आठ मेट्रो स्टेशन होंगे, जिनमें शहीद नगर, राज बाग, राजेंद्र नगर, श्याम पार्क मोहन नगर, अर्थला, हिंडन विहार और नया बस अड्डा मेट्रो स्टेशन शामिल होंगे। इस सेक्शन की लंबाई 9.41 किमी है। रेड लाइन का यह पांचवां सेक्शन होगा। इसके खुलने से रेड लाइन की लंबाई 34.56 किमी हो जाएगी और स्टेशनों की संख्या 21 से बढ़कर 29 हो जाएगी। रेड लाइन पर डेस्टीनेंशन स्क्रीन पर नया बस अड्डा मेट्रो स्टेशन का नाम जोड़ दिया गया है।
दिल्ली वालों के लिए गाजियाबाद पहुंचना आसान होगा
इस सेक्शन के खुलने से दिल्ली की अन्य मेट्रो लाइनों पर सफर करने वाले लोगों का गाजियाबाद पहुंचना अब आसान हो जाएगा। इससे पहले लोग दिलशाद गार्डन से सार्वजनिक वाहनों का प्रयोग करके गाजियाबाद पहुंचते थे। इस बीच लोगों को जीटी रोड पर भारी जाम का भी सामना करना पड़ता था। मेट्रो सेवा शुरू होने के बाद यहां दिल्ली की गाजियाबाद क्षेत्र में कनेक्टिविटी बेहतर होगी।