फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिल्ली-एनसीआर की वायु गुणवत्ता लगातार चौथे दिन गंभीर

Tue, 25 Dec 2018 09:01 PM IST
राजेश सैनी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
विज्ञापन

दिल्ली-एनसीआर की हवा लगातार चौथे दिन गंभीर प्रदूषित रही। निर्माण और औद्योगिक गतिविधि पर प्रतिबंध व मौसम में बदलाव होते ही मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी और आस -पास शहरों की वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में भी बेहद मामूली सुधार हुआ है। हालांकि, दिल्ली समेत यूपी के शहरों में प्रदूषण अब भी गंभीर स्थिति में ही बरकरार है। आम लोगों को एन-95 और पी-100 मार्क वाला मास्क पहनकर ही आउटडोर गतिविधि करने की सलाह दी गई है।  वहीं, श्वास रोग संबंधी मरीजों को इस स्थिति में बाहर निकलने से बचने को कहा गया है। 

विज्ञापन


केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक अगले दो दिन में वायु गुणवत्ता की स्थिति में सुधार हो सकता है। सीपीसीबी की 24 घंटे वाली औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) रिपोर्ट के मुताबिक मंगलवार को दिल्ली का एक्यूआई 409 (गंभीर श्रेणी का प्रदूषण) रिकॉर्ड किया गया। शनिवार से ही दिल्ली की वायु गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में है। वहीं, यूपी में गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा का एक्यूआई क्रमश: 414 और 415 (गंभीर श्रेणी का प्रदूषण) दर्ज हुआ। सोमवार को सर्वाधिक प्रदूषित रहने वाले नोएडा का एक्यूआई मंगलवार को गंभीर स्तर (464) से उतरकर 394 यानी बहुत खराब श्रेणी में पहुंच गया। हरियाणा के शहरों में फरीदाबाद और गुरुग्राम भी बहुत खराब श्रेणी वायु गुणवत्ता में ही रिकॉर्ड किए गए।  

Trending Videos
विज्ञापन

दिल्ली में शहरों की स्थिति, औद्योगिक स्थानों पर मामूली सुधार   
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के लाइव स्टेशन के मुताबिक दिल्ली में कुल 35 स्थानों में 11 जगह वायु गुणवत्ता बहुत खराब और 24 जगह वायु गुणवत्ता बहुत गंभीर स्थिति में दर्ज की गई। मंगलवार को दिल्ली के भीतर सर्वाधिक स्थानों में आनंद विहार, आईटीओ, सोनिया विहार, वजीरपुर,  विवेक विहार, सीरीफोर्ट, शादीपुर, रोहिणी, पूसा रोड, पंजाबी बाग, पटपडग़ंज, ओखला फेज-2, नेहरू नगर, मंदिर मार्ग, मेजर ध्यान चंद नेशनल स्टेडियम, जवाहर लाल नेहरु स्टेडियम, द्वारका सेक्टर -8, डॉ करणी सिंह शूटिंग रेंज, डीटीयू दिल्ली, सीआरआरआई मथुरा रोड, बुराड़ी क्रॉसिंग, अशोक विहार रहे। जबकि औद्योगिक क्षेत्र नरेला और बवाना में हवा की गुणवत्ता बहुत खराब स्तर पर रिकॉर्ड की गई।  

आपात स्तर से वापस लौटे पीएम कण   
दिल्ली-एनसीआर की हवा में पार्टिकुलेट मैटर 2.5 और 10 अपने सामान्य स्तर से चार गुना अधिक बने हुए हैं। मंगलवार को दोनों ही खतरनाक कण अपने आपात स्तर से नीचे आ गए। पीएम 2.5 का स्तर 22 दिसंबर को शाम सात बजे आपात स्तर 300 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर को पार कर गया था। वहीं, मंगलवार को सुबह सात बजे के करीब यह आपात स्तर से वापस नीचे आ गया। इसी तरह पीएम 10 का स्तर 23 दिसंबर को रात एक बजे आपात स्तर 500 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर को पार कर गया था। मंगलवार को दोपहर एक बजे यह आपात स्तर से नीचे आ गया।  

क्या हैं 0 से 500 तक एक्यूआई के मायने  
सीपीसीबी के मुताबिक 0 से 50 का एक्यूआई अच्छी हवा, 51 से 100 का एक्यूआई संतोषजनक, 101 से 200 का एक्यूआई मध्यम व 201 से 300 का एक्यूआई खराब, 301 से 400 का एक्यूआई बहुत खराब व 401 से 500 का एक्यूआई गंभीर स्तर का प्रदूषण प्रदर्शित करता है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें