नोएडा-ग्रेटर नोएडा में वाहन चेकिंग के दौरान पकड़े जाने पर सिफारिश करना दो युवकों को भारी पड़ गया। पुलिस ने एक की बाइक जब्त कर ली तो दूसरे युवक की कार का चालान कर दिया। यातायात पुलिस और परिवहन विभाग अभियान चलाकर लोगों को नए नियमों का पाठ पढ़ा रहा है।
इसी क्रम में नोएडा सेक्टर-62 स्थित के पास चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों ने बगैर रिफ्लेक्टर लगी कार को रोका और चालक से इस बाबत पूछताछ की। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर पुलिसकर्मियों ने कार का चालान कर दिया।
इस पर चालक एआरटीओ से बहस करने लगा। वहीं, उसने अपने एक दोस्त को फोन कर मौके पर बुला लिया। दोस्त की मदद करने बाइक से पहुंचा युवक एआरटीओ को धौंस दिखाने लगा। तभी एआरटीओ अजय मिश्रा की नजर बाइक पर पड़ी, जिसमें नंबर ही नहीं था।
पूछताछ करने पर पता चला कि युवक ने करीब ढाई महीने पहले बाइक खरीदी थी और अभी तक रजिस्ट्रेशन ही नहीं कराया। इस पर एआरटीओ ने युवक को अनुशासन और नियमों का पाठ पढ़ाते हुए बाइक जब्त कर डी पार्क में खड़ी करा दी। कार्रवाई के बाद दोनों युवकों को अपनी गलती का अहसास हुआ।
इसी तरह का एक वाक्या ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क में हुआ। जहां एक एआरटीओ प्रशांत तिवारी कागज नहीं मिलने पर वैन का चालान करने लगे तो चालक ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद उसने अपने परिचित को फोन किया तो वह सिफारिश के लिए कार से नॉलेज पार्क पहुंच गया।
इससे पहले की वह कुछ कहता एआरटीओ ने कार की गलत नंबर प्लेट, शीशों पर काली फिल्म और प्रदूषण प्रमाण-पत्र मांगा तो वह कुछ भी नहीं दिखा सका। इस पर एआरटीओ ने वैन समेत कार का भी 3500 रुपये का चालान कर दिया।
अलग-अलग जगहों पर दो लोग चालान नहीं करने की सिफारिश लेकर आए थे। युवक ने दो माह पहले बाइक खरीदी थी, मगर रजिस्ट्रेशन नहीं कराया। जबकि कार स्वामी के कागज ही पूरे नहीं थे और नंबर प्लेट भी गलत थी। बाइक को जब्त कर और कार का चालान कर दिया गया।
-अजय मिश्रा, एआरटीओ प्रवर्तन
सात वाहन किए गए जब्त
परिवहन विभाग की ओर से ओवरलोड और टैक्स जमा नहीं करने के आरोप में 7 वाहनों को जब्त किया गया है। सभी को सेक्टर-62 में खड़ा कराया गया है। एआरटीओ प्रवर्तन प्रशांत तिवारी ने बताया कि 4 वाहनों को ओवरलोड में और 3 कैब का टैक्स जमा नहीं करने पर कार्रवाई की गई है।