हथीन।
उच्चतर शिक्षा विभाग ने स्नातक (यूजी) पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए मेरिट सूची का संशोधित कार्यक्रम जारी कर दिया है। नए शेड्यूल के अनुसार अब पहली फाइनल मेरिट लिस्ट 22 जुलाई को जारी होगी। इससे पहले छात्र 12 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। विभाग ने कॉलेजों को निर्धारित समय के भीतर दस्तावेजों का सत्यापन और आवेदन संबंधी त्रुटियों का निस्तारण करने के निर्देश दिए हैं। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार 18 जुलाई तक कॉलेजों की दाखिला समितियां छात्रों के दस्तावेजों का सत्यापन करेंगी और उनकी लॉगिन आईडी में आवश्यक सुधार कराएंगी। इसके बाद 20 जुलाई को पात्र अभ्यर्थियों की सूची जारी होगी।
21 जुलाई को पहली प्रोविजनल मेरिट लिस्ट प्रकाशित की जाएगी, जबकि 22 जुलाई को पहली फाइनल मेरिट लिस्ट जारी होगी। पहली सूची में चयनित छात्रों को 23 से 27 जुलाई तक फीस जमा कराने का अवसर मिलेगा। यदि पहली सूची के बाद सीटें रिक्त रहती हैं तो 28 जुलाई को दूसरी प्रोविजनल और 29 जुलाई को दूसरी फाइनल मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी। दूसरी सूची में चयनित अभ्यर्थी 30 जुलाई से तीन अगस्त तक फीस जमा करा सकेंगे। इसके बाद भी यदि सीटें खाली रहती हैं तो चार अगस्त से फिजिकल काउंसिलिंग शुरू होगी। पांच अगस्त को विभाग दोबारा पोर्टल खोलेगा, जिसमें नए पंजीकरण के साथ पहले से आवेदन कर चुके छात्र भी अपने आवेदन में संशोधन कर सकेंगे। छह से 12 अगस्त तक 100 रुपये विलंब शुल्क के साथ दाखिले होंगे। इसके बाद 13 से 19 अगस्त तक प्रतिदिन बढ़ने वाली विलंब शुल्क व्यवस्था के साथ प्रवेश प्रक्रिया जारी रहेगी। राजकीय कॉलेज मण्डकौला के प्रधानाचार्य विनोद चौधरी ने बताया कि विभाग द्वारा मेरिट सूची का संशोधित शेड्यूल जारी किया गया है। छात्रों से अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते ऑनलाइन आवेदन पूरा करने और दस्तावेजों की जांच सुनिश्चित करने की अपील की है ताकि प्रवेश प्रक्रिया के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।