-नवंबर से एमसीडी स्कूलों में बदलेगा मेन्यू, रोजाना नियमित भोजन के साथ मिलेगा एक स्पेशल आइटम
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। एमसीडी के स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के मिड-डे मील का मेन्यू नवंबर से बदला जाएगा। बच्चों को एक जैसा भोजन खाने से होने वाली ऊब से बचाने और पौष्टिक भोजन के प्रति उनकी रुचि बढ़ाने के लिए इसमें ओट्स कुकीज, फल, खीर और सांभर-चावल जैसे नए व्यंजन शामिल किए जाएंगे। बच्चों को रोजाना नियमित भोजन के साथ कम से कम एक स्पेशल आइटम देने की भी तैयारी है।
शिक्षा समिति के अध्यक्ष योगेश वर्मा ने बताया कि भोजन पौष्टिक होने के साथ स्वादिष्ट और आकर्षक भी होना चाहिए, ताकि बच्चे उसे रुचि से खाएं। इसी को ध्यान में रखते हुए एक ही सामग्री से अलग-अलग व्यंजन तैयार करने पर जोर दिया जाएगा। ओट्स से कुकीज जैसे बच्चों की पसंद के व्यंजन बनाए जाएंगे। गेहूं और रागी से तैयार हलवा सप्ताह में दो बार देने की योजना है। फल और खीर भी मेन्यू में शामिल किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि बच्चों के पसंदीदा पूरी-आलू, दाल-चावल, छोले-चावल, पूरी-सब्जी, राजमा-चावल और कढ़ी-चावल जैसे व्यंजन जारी रहेंगे। इनके साथ सांभर-चावल को जोड़ा जाएगा। पुराने व्यंजनों को हटाने के बजाय उनकी तैयारी में विविधता लाई जाएगी, ताकि बच्चे भोजन पूरा खाएं और उन्हें पर्याप्त पोषण मिल सके।