साहिबाबाद रेलवे स्टेशन के नजदीक ओएचई तार टूटने से नई दिल्ली-साहिबाबाद के बीच रेल ट्रैफिक बुधवार शाम करीब ढाई घंटे तक बाधित रहा। इस बीच रूट से गुजरने वाली तीन राजधानी ट्रेन का डायवर्ट किया गया। वहीं, पांच पैसेंजर ट्रेन को भी वाया पुरानी दिल्ली निकाला गया। इसके अलावा एक लोक ट्रेन रद्द भी करनी पड़ी। देर शाम आवाजाही बाधित होने पर ऑफिस से घर जाने वाले मुसाफिरों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। ओएचई तार जुडने के बाद रात करीब 7:45 के बाद ट्रैफिक सामान्य हो सका।
रेल अधिकारियों का कहना है कि बधवार शाम करीब 5.20 बजे साहिबाबाद रेलवे स्टेशन के नजदीक ओएचई तार टूट गया। इससे नई दिल्ली-साहिबाबाद रूट पर ट्रेनों की आवाजाही बंद हो गई। इससे इस बीच रूट से गुजरने वाली ट्रेनों को पुरानी दिल्ली की तरफ डायवर्ट किया गया।
इस दौरान नई दिल्ली-भुवनेश्वर, नई दिल्ली-कोलकाता और नई दिल्ली-पटना राजधानी ट्रेन समेत चार लंबी दूरी की रेल गाडिय़ों (12394, 12304, 22418 व 12560) को वाया पुरानी दिल्ली चलाया गया। इसके अलावा नई दिल्ली गाजियाबाद लेडी स्पेशल ट्रेन का परिचालन रद्द कर दिया गया।
रेलवे का कहना है कि नई दिल्ली-गाजियाबाद 64410, नई दिल्ली-अलीगढ 64114, दिल्ली-सहारनपुर 54473 और दिल्ली-गाजियाबाद 64418 को परिवर्तित मार्ग से चलाया गया। शाम के वक्त ट्रेनों का परिचालन बाधित होने से इस रूट से होकर सफर करने वाले दैनिक यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
खास तौर से तिलक ब्रिज व शिवाजी ब्रिज रेलवे स्टेशन से ऑफिस से घर जाने वाले दैनिक यात्रियों को ट्रेन नहीं मिली। रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि रात करीब 7:45 बजे लाइन ठीक हो सकी। इसके बाद रेल ट्रैफिक सामान्य हुआ।