पुलिस ने गुस्साए लोगों को समझाकर शांत कराया
उत्तरी दिल्ली नगर निगम के अंतर्गत आने वाले किराड़ी क्षेत्र में स्थित निगम स्कूल में राशन न मिलने पर बृहस्पतिवार को भीड़ आक्रामक हो गई। भीड़ ने शिक्षकों से अभद्र व्यवहार भी किया। किराड़ी के प्रेम नगर इलाके में स्थित निगम स्कूल में बृहस्पतिवार को लोगों को राशन बांटने का काम किया जा रहा था। राशन खत्म होने पर वितरण नहीं हो सका। इससे गुस्साए लोगों ने राशन बांटने वाले शिक्षकों से अभद्र व्यवहार किया। शिक्षकों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को समझाकर शांत कराया।
स्कूल पर पुलिस की मौजूदगी के लिए जिला आयुक्त ने की अपील
इस संबंध में शिक्षक संघ के महासचिव रामनिवास सोलंकी ने कहा कि यह काम दिल्ली सरकार के खाद्य आपूर्ति विभाग का है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार को यह काम शिक्षकों से नहीं कराना चाहिए अन्यथा शिक्षक इसके बहिष्कार के लिए बाध्य होंगे।
वहीं, उत्तरी निगम आयुक्त वर्षा जोशी ने कहा कि हमने इस विषय में खाद्य आपूर्ति विभाग को पत्र लिखा है। इस तरह की परेशानी राशन की लिस्ट न होने के कारण भी हो सकती है। इसके साथ ही जिला आयुक्तों ने भी जिला अधिकारी को पत्र लिखकर स्कूल पर पुलिस की मौजूदगी के लिए अपील की है।