दिलशाद गार्डन रूट की मेट्रो के अंतिम स्टेशन नया बस अड्डा के दोनों छोर पर टिकट घर बनाए जाएंगे। जीडीए को यहां मेट्रो स्टेशन के दूसरे छोर के लिए जरूरी 750 वर्गमीटर निजी जमीन मिल गई है।
जीडीए ने इस जमीन के मालिक को बदले में पटेल नगर स्थित जमीन दे दी है। जीडीए जल्द ही डीएमआरसी को इस जमीन का पजेशन दे देगा। दोनों छोर पर टिकटघर होने से लोगों को टिकट लेने के लिए सड़क पार करने के परेशानी से निजात मिलेगी।
दिलशाग गार्डन मेट्रो रूट पर नया बस अड्डा अंतिम स्टेशन होगा। नया बस अड्डा मेट्रो स्टेशन के आसपास बड़ी आबादी निवास करती है। नया बस अड्डा पर मसूरी, मेरठ, मोदीनगर, हापुड़, मुरादनगर आदि जगहों से बसें आवागमन करती हैं।
अनुमान के मुताबिक नया 2017 तक नया बस अड्डा स्टेशन से करीब 50 हजार से अधिक यात्री मेट्रो की सेवा लेंगे। इस रूट पर मेट्रो स्टेशनों की डिजाइन के मुताबिक प्लेटफार्म सेंट्रल वर्ज पर और स्टेशन सड़क के दोनों और बनाए जाने हैं।
यहां पुलिस चौकी की ओर बनी दुकानों को बचाते हुए जीडीए ने एक छोर का हल निकाला तो मामला दूसरे छोर पर फंस गया था।
जीडीए ओएसडी डीपी सिंह ने बताया कि मेट्रो स्टेशन के पटेल नगर साइड के लिए जरूरी 750 वर्गमीटर जमीन मिल गई है। जमीन मालिक की सहमति पर पटेल नगर में जमीन आवंटित भी कर दी गई है।
जीडीए बोर्ड बैठक आज, 35 प्रस्ताव होंगे शामिल
जीडीए की 141वीं बोर्ड बैठक शुक्रवार को होगी। बैठक में शुरुआती तौर पर 35 प्रस्ताव रखने पर सहमति बनी है। अंतिम समय में कुछ और प्रस्ताव शामिल किए जा सकते हैं।
जीडीए अधिकारियों ने बैठक सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। बैठक की अध्यक्षता जीडीए अध्यक्ष संतोष यादव करेंगे। शहर के तीव्र विकास के लिहाज से जीडीए की यह बैठक खासी महत्वपूर्ण साबित होने वाली है। साथ ही मेट्रो से जुड़े कामों में भी तेजी आएगी।