दक्षिण पश्चिम जिला के जाफरपुरकलां इलाके में बृहस्पतिवार तड़के भतीजे ने चाची की चाकू गोदकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। मरने वाली महिला की शिनाख्त संतोष (43) के रूप में हुई है।
पुलिस ने मौके से हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है। जांच के बाद पुलिस ने बताया कि संतोष अपने दो बेटी और एक बेटा के साथ यहां रहती थी।
उसके पति का वर्ष 2010 में देहांत हो चुका है। उसकी बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है। संतोष अपने बच्चों के साथ पहली मंजिल पर रहती थी। जबकि उसका भतीजा नरेश भूतल पर रहता है। वह पेशे से ड्राइवर है।
बच्चों ने पुलिस को बताया कि घटना के समय नरेश घर आया था और तीनों बच्चों को एक कमरे में बंद कर दिया। उसके बाद उसने महिला के शरीर पर चाकू से हमला कर दिया। महिला के चीखने पर बच्चों ने शोर मचाया।
बच्चों के शोर मचाने पर लोगों को घटना की जानकारी मिली और किसी ने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किस मकसद से वारदात को अंजाम दिया गया इसका अभी खुलासा नहीं हो पाया है।