आमतौर पर गली-मोहल्ले के कुत्ता काटने के केस सामने आते रहते हैं, लेकिन दिल्ली में एक ऐसा मामला प्रकाश में आया है कि जिसने सभी को चौंका दिया है। मुकदमेबाजी का बदला लेने के लिए एक महिला ने अपने पालतू जर्मन शेफर्ड खूंखार कुत्ते से पड़ोसन पर हमला करा दिया।
हमला इस कदर करवाया गया कि बुरी तरह जख्मी महिला को डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। महिला की शिकायत पर न्यू अशोक नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी महिला से पूछताछ कर जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता मनीषा सेठी (46) अपने परिवार के साथ वसुंधरा एंक्लेव के एक अपार्टमेंट में रहती हैं। इनके परिवार में पिता व एक बेटा है। कुछ समय पूर्व इनके पिता ने सोसायटी की आरडब्ल्यूए पर कुछ आरोप लगाए थे, मामला कोर्ट में विचाराधीन है। आरोप है कि इसी वजह से पड़ोस के कुछ लोग उनसे चिढ़ते हैं। बुधवार सुबह मनीषा अपने घर पर थी। इस दौरान उनकी डोर बेल बजी।
मनीषा ने जैसे ही दरवाजा खोला तो पड़ोसन ने उस पर कुत्ते से हमला करा दिया गया। कुत्ते ने मनीषा के पेट समेत शरीर के अन्यों हिस्सों में काट लिया। शोर मचाने पर आरोपी ने अपना कुत्ता पकड़ा। घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।
‘डरो मत, कुत्ते को लगी है वैक्सीन’
पीड़िता का आरोप है कि वह लहूलुहान थी और पड़ोसन ने हंसते हुए कहा कि डरो मत कुत्ते को वैक्सीन लगी हुई है। इसके बाद वह कुत्ता लेकर अपने फ्लैट में चली गई। सवाल यह भी है कि सोसायटी में इतना खतरनाक कुत्ता रखा गया है और आरडब्ल्यूए खामोश है।
यह बात अलग है कि कुछ जगहों पर फ्लैटों में कुत्ता रखने की अनुमति होती है और कुछ जगह नहीं, लेकिन जो कुत्ता दूसरों को नुकसान पहुंचाए उसे रखने की अनुमति कोई सोसायटी नहीं देती है। इस बाबत वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि छानबीन के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।