मेडिकल स्नातक प्रोग्राम में दाखिले की राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट यूजी) 2022 का आयोजन रविवार (17 जुलाई) को किया जा रहा है। परीक्षा दोपहर दो से शाम 5.20 मिनट तक चलेगी। देश की सबसे बड़ी प्रवेश परीक्षा मे कुल 18,72,341 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) के महानिदेशक विनीत जोशी ने बताया कि नीट यूजी के लिए 18,72,341 उम्मीदवारों ने रजिस्ट्रेशन किया है। पिछले सालों के मुकाबले छात्रों की संख्या में अत्यधिक वृद्धि हुई है। भारत में 497 शहरों और विदेश में 14 शहरों में परीक्षा केंद्र बनाए जा रहे हैं। इसके लिए 3,570 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
नीट यूजी 2022 के परीक्षा केंद्रों की सूची पहले ही एनटीए वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई थी। किसी भी प्रकार की परेशानी आने पर एनटीए हेल्पलाइन नंबर 011-40759000 पर फोन करके या फिर एनटीए की आधिकारिक मेल आईडी पर ईमेल भी भेज सकते हैं।