डोमेस्टिक एयरपोर्ट थाना पुलिस ने दिल्ली के इनामी बदमाश नीरज बवाना के बड़े भाई पंकज सहरावत और उसकी मां सुदेश को गिरफ्तार किया है। एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच के दौरान सुदेश के बैग से एक मैगजीन और दो कारतूस मिले।
जांच में पता चला कि पंकज सहरावत सुभाष प्लेस में हुए गैंगवार में शामिल था और उस पर हत्या का मामला दर्ज है। इसके अलावा उसपर उगाही के कई मामलों के अलावा मकोका के तहत भी मामला दर्ज है। पुलिस को इनके पास से 2.76 लाख रुपये भी मिले हैं।
ऑपरेशन सेल के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त रणवीर सिंह ने बताया कि 14 मार्च की तड़के डोमेस्टिक एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ के जवान कोलकाता जाने वाले यात्रियों के सामान की जांच कर रहे थे। बवाना निवासी सुदेश (50) नाम की महिला व उसके बेटे की बैग की तलाशी के दौरान उसमें एक मैगजीन और दो कारतूस मिले। सीआईएसएफ के जवानों ने कारतूस के बाबत उनसे लाइसेंस की मांग की, लेकिन महिला के पास लाइसेंस नहीं था। साथ ही उनके पास से 2.76 लाख रुपये भी मिले।
सीआईएसएफ के जवानों ने महिला और उसके साथ मौजूद उसके बेटे पंकज सहरावत (30) को डोमेस्टिक एयरपोर्ट थाना पुलिस को सौंप दिया। महिला को शस्त्र अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर लिया गया। थाना प्रभारी रमेश चंद्र ने मां और बेटे से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान पता चला कि सुदेश दिल्ली के कुख्यात बदमाश नीरज बवाना की मां है और पंकज उसका बड़ा भाई है। पुलिस ने पंकज के आपराधिक रिकॉर्ड को खंगाला।
जांच में पता चला कि पंकज ने सुभाष प्लेस में हुए गैंगवार में अपने भाई नीरज के साथ मिलकर दो बदमाशों प्रदीप दहिया और अनिल लीला की हत्या कर दी थी। उसके खिलाफ सुभाष नगर थाने में हत्या और हत्या का प्रयास का मामला दर्ज है। इस मामले के अलावा पंकज स्पेशल सेल में दर्ज मकोका के मामले में भी वांछित है। इसके अलावा पंकज पर बवाना और रोहिणी साउथ थाने में उगाही, मारपीट और धमकाने का मामला दर्ज हैं। गौरतलब है नीरज बवाना दस लाख का ईनामी बदमाश है और उसे कई राज्यों की पुलिस विभिन्न मामलों में तलाश रही है।