जेएनयू में ऑपरेशन सिंदूर पर राष्ट्रीय सम्मेलन की शुरुआत
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में ऑपरेशन सिंदूरः आधुनिक युद्ध के उभरते आयाम विषय पर मंगलवार से दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का शुभारंभ हुआ। जेएनयू के राष्ट्रीय सुरक्षा विशिष्ट अध्ययन केंद्र के आयोजन में मुख्य अतिथि के तौर पर पूर्व डिप्टी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार डॉ. अरविंद गुप्ता पहुंचे। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर की तारीफ करते हुए कहा कि इस तरह के ऑपरेशन से राष्ट्रीय सुरक्षा नीति और राष्ट्रीय सुरक्षा मजबूत होती है। अब राष्ट्रीय सुरक्षा सिद्धांत पर विजन डॉक्यूमेंट लाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि हर विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय सुरक्षा अध्ययन केंद्र हो और राष्ट्रीय सुरक्षा को पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाया जाए।
सम्मेलन के संयोजक एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अमित सिंह ने कहा कि यह ऑपरेशन आतंकवाद के खिलाफ भारत की जीरो टॉलरेंस नीति का प्रतीक था। सम्मेलन में भारत-पाकिस्तान संबंध, सिंधु जल संधि, मल्टी-डोमेन वॉरफेयर, स्वदेशी हथियार तकनीक, आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति, डिटरेंस की नई परिभाषा सहित कई दूसरे विषयों पर चर्चा की जा रही है।