फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आफत : मांझे से मोटरसाइकिल सवार युवक की कटी गर्दन, हालत गंभीर; जश्न-ए-आजादी में पक्षियों की जान पर बन आई

Sun, 17 Aug 2025 06:03 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली

सार

उन्हें एम्स के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है, वहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि गर्दन कटने से खून काफी ज्यादा बह गया है।
विज्ञापन
घायल युवक... - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

तुगलकाबाद मेट्रो स्टेशन के सामने बदरपुर फ्लाईओवर पर मोटरसाइकिल सवार की इंडियन मांझे से शनिवार को गर्दन कट गई। उन्हें एम्स के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है, वहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि गर्दन कटने से खून काफी ज्यादा बह गया है। बदरपुर थाना पुलिस फरीदाबाद निवासी उनके परिजनों से शनिवार देर शाम तक संपर्क साधने की कोशिश कर रही थी।

विज्ञापन


दक्षिण पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त डाॅ. हेमंत तिवारी ने बताया, शाम लगभग 4.40 बजे बदरपुर थाना पुलिस को सूचना मिली कि हरदोई, उत्तर प्रदेश के गांव अखिबेलपुर निवासी रजनीश बदरपुर फ्लाइओवर पर युवक खून से लथपथ हालत में पड़े हुए हैं। वहां सरिता विहार से फरीदाबाद स्थित अपने घर राइक से जा रहे थे। कैरिज-वे पर बाइक चला रहे।  प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के दौरान रजनीश बाइक से गिरते-गिरते बचे। अखिलेश ने अपने गमछे से गर्दन से बह रहे खून को रोकने का भी प्रयास किया। नौ अगस्त, 2022 को भी इस फ्लाईओवर पर हादसा हुआ था। मांझे से डिलीवरी ब्वॉय की गर्दन कट गई थी और उसकी मौत हो गई थी।

चाइनीज मांझे की चपेट में आने से हुईं घटनाएं

  • 9 अगस्त 2025 : गीता कॉलोनी में चाइनीज मांझे की चपेट में आने से झील खुरंजा निवासी पवन घायल हो गए। वह स्कूटर से दुकान पर जा रहे थे, इस दौरान मांझा उनके दाएं हाथ पर लिपट गया। इस वजह से वह स्कूटर समेत सड़क पर गिर पड़े। उनकी बीच की उंगली कट गई।
  • 28 जून 2025 : बाड़ा हिंदूराव में रानी झांसी रोड पर शुक्रवार शाम स्कूटी से जा रहे कारोबारी यश का गला चायनीज मांझे से कट गया। हादसे में उनकी मौत हो गई। करावल नगर के नेहरु विहार के रहने वाले यश स्पेयर पार्टस का कारोबार करते थे।
  • 3 जुलाई 2025 : शास्त्री पार्क फ्लाईओवर पर प्रकाश नाम का युवक मांझे की चपेट में आकर घायल हो गए। वह शाहदरा की ओर से बाइक से आ रहे थे। हवा में लटकता मांझा चेहरे में उलझ गया। नाक और होंठ कट गए।

जश्न-ए-आजादी में पक्षियों की जान का दुश्मन बना मांझा

विज्ञापन

स्वतंत्रता दिवस के उत्सव के बीच राजधानी में आसमान में उड़ान भरते पक्षियों के लिए जानलेवा मांझा किसी अभिशाप से कम नहीं है। यह मांझा न केवल इंसानों के लिए खतरा है बल्कि बेजुबान पक्षियों की जिंदगी को भी छीन रहा है। 

हर साल की तरह इस बार भी 15 अगस्त को मांझे की चपेट में आकर 300 से अधिक पक्षी घायल हुए। चांदनी चौक के जैन पक्षी अस्पताल में इस दिन 90 से अधिक घायल पक्षी इलाज के लिए लाए गए जिनमें से 15 की हालत गंभीर थी और सात ने दम तोड़ दिया। मृत पक्षियों में एक चील, पांच कबूतर और एक तोता शामिल हैं।

अस्पताल में भर्ती घायल पक्षियों में चील, कौवे, कबूतर और चार तोते शामिल हैं। इनमें से कई पक्षियों के पंख और हड्डियां इस कदर क्षतिग्रस्त हैं कि उनके दोबारा उड़ पाने की संभावना कम है। अग्निशमन विभाग को भी मांझे में फंसे पक्षियों को बचाने के लिए 36 कॉल्स प्राप्त हुईं जिनका दमकलकर्मियों ने तुरंत रेस्क्यू किया। चांदनी चौक में जैन चैरिटेबल अस्पताल के डॉक्टर के अनुसार, इस बार घायल पक्षियों की संख्या पिछले साल की तुलना में थोड़ी कम है। पिछले साल 15 अगस्त को 140 से अधिक पक्षी इलाज के लिए लाए गए थे। उन्होंने बताया कि कुछ दिनों तक घायल पक्षियों के आने का सिलसिला जारी रहेगा।

घर, पार्क और गलियों में बिक रहा मौत का मांझा
चाइनीज मांझा बेचने और खरीदने पर प्रतिबंध होने और पुलिस की सख्ती के कारण अब दुकान पर न बेचकर लोग इसे घर, पार्क व गलियों से बेच रहे हैंं। कई लोग तो इसे चलते फिरते बेच रहे हैं। दिल्ली पुलिस चाइनीज मांझा बेचने और खरीदने वालों पर लगातार कार्रवाई कर रही है। कार्रवाई से बचने के लिए यह लोग चाइनीज मांझा बेचने के नए-नए तरीके अपना रहे हैं। इसके मद्देजर पुलिस ने गश्त बढ़ा दी है।

चाइनीज मांझे की चपेट में आने से हर साल लोगों की मौत होने और कई के गंभीर रूप से घायल होने के बाद दिल्ली सरकार ने 2017 में इस पर प्रतिबंध लगा दिया था। प्रतिबंध लगाए जाने के बाद पुलिस ने लगातार इसे बेचने वाले दुकानदारों और आपूर्तिकर्ताओं पर कार्रवाई शुरू की। इस दौरान कई गोदाम का खुलासा किया और काफी मात्रा में चाइनीज मांझा बरामद किया गया। 

पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए इस साल अब आरोपी इसे दुकान पर बेचने के बजाए चलते फिरते बेच रहे हैं। हालांकि, पुलिस ने भी गश्त और कार्रवाई बढ़ा दी है। पुलिस लगातार एक तरफ आपूर्तिकर्ताओं पर कार्रवाई कर रही है, दूसरी ओर लोगों के बीच कार्यक्रम का आयोजन कर चाइनीज मांझा से होने वाले नुकसान को लेकर जागरूक कर रही है।

दिल्ली पुलिस इस साल अब तक सौ से ज्यादा लोगों को चाइनीज मांझा बेचने के आरोप में पकड़ चुकी है। पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त विचित्र वीर ने बताया कि जिले के सभी थाना पुलिस ने गश्त के दौरान ऐसे दो दर्जन से अधिक लोगों को पकड़ा है, जो चोरी छिपे चाइनीज मांझा बेच रहे थे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि गश्त के दौरान इन्हें पुलिस ने पार्क और गलियों से पकड़ा है। इनके पास से काफी मात्रा में चाइनीज मांझा और चकरी मिले हैं। पकड़े गए लोगों ने बताया कि जल्द पैसा कमाने के लिए वह मांझा बेच रहे थे।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें