फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिनदहाड़े कोतवाली के पास 30 लाख की डकैती

Wed, 06 Jan 2016 03:41 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, ग्रेटर नोएडा
विज्ञापन
विज्ञापन
कासना कोतवाली से करीब 100 मीटर की दूरी पर हथियारबंद 12 बदमाशों ने मंगलवार को दिनदहाड़े व्यापारी के घर में 30 लाख की डकैती डाली। बदमाश पुलिस वाला बताकर घर में घुसे और बच्चों को गन प्वाइंट पर लेकर परिवार को बंधक बना लिया। एक घंटे तक बदमाशों ने घर में उत्पात मचाया। आभूषण, नगदी और कीमती सामान लूटकर फायरिंग करते हुए फरार हो गए।
विज्ञापन


सेक्टर बीटा-2 स्थित एफ ब्लॉक में व्यापारी बालकृष्ण परिवार के साथ 14 साल से रह रहे हैं। वह पहले दनकौर क्षेत्र के अपने गांव रोशनपुर में रहते थे। उनका बड़ा बेटा सुशील का दनकौर में ईंट भट्ठा है। छोटे बेटे प्रदीप की ग्रेटर नोएडा के जगत फॉर्म मार्केट में बर्तन की दुकान है। मंगलवार को घर में बालकृष्ण के अलावा छोटे बेटे की बहू संगीता, रिश्तेदार सांता देवी व तीन बच्चे अमन, राजू और चिंकी थे।

पीड़ितों के मुताबिक, सुबह 11:30 बजे हथियारबंद दो बदमाश खुद को दरोगा बताकर घर में घुस गए। उन्होंने अमन (9 वर्ष) की कनपटी पर बंदूक लगा दी।  इसके बाद 6-7 बदमाश घर में और घुस आए, जबकि 2-3 बदमाश घर के बाहर निगरानी में खडे़ थे। घर में मौजूद परिवार के सभी सदस्यों को कमरे में बंधक बना लिया। बदमाशों ने उनके मोबाइल फोन छीनकर तोड़ दिए। 50 तोला सोना तथा 15 लाख रुपये नगद और अन्य कीमती सामान लेकर बदमाश फरार हो गए।
विज्ञापन


‘एक कार पर लिखा था भारत सरकार’
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बदमाश काली और सफेद रंग की सेंट्रो कार में आए थे। कार बीटा-2 की सर्विस लेन पर खड़ी थी। चालकों ने कार को स्टार्ट कर रखा था। वहां से बदमाशों ने पैदल घर के अंदर प्रवेश किया। उसके बाद वारदात को अंजाम देकर पीछे के रास्ते से ही भाग निकले। एक कार पर भारत सरकार लिखा था।

रेकी कर दिया वारदात को अंजाम
बताया जा रहा है कि बदमाश चार दिन से रेकी कर रहे थे। लोगों को घर के आसपास संदिग्ध व्यक्ति घूमते दिखे थे। वारदात के दिन भी सुबह से ही बदमाश घर का चक्कर लगा रहे थे। उनका एक साथी प्रदीप की दुकान के पास खड़ा था, जिससे घर में मौजूद बदमाश कह रहे थे कि उसे घर की ओर मत आने देना।

रिश्तेदार को पीटा
बदमाश जिस समय वारदात को अंजाम दे रहे थे उसी दौरान बालकृष्ण का रिश्तेदार सोनू प्रदीप के लिए दोपहर का खाना लेने घर आया। बदमाशों ने पहले उसे अंदर आने के लिए कहा। वह जैसे ही अंदर घुसा तो बदमाश बाहर निकलकर भागने लगे। सोनू ने उन्हें रोकना चाहा तो वह उसकी पिटाई कर फरार हो गए।

बदमाशों का छूटा बैग
वारदात के दौरान बदमाशों के पास एक बैग था। वह घर के बाहर ही छूट गया जिसमें डीटीसी बस के तीन टिकट और एक कारतूस मिला है।

100 मीटर चलने में पुलिस को लगे 30 मिनट
बदमाशों के भागने के बाद बालकृष्ण ने बेटों को फोन पर सूचना दी, जिसके थोड़ी देर बाद ही प्रदीप घर पहुंचा और पुलिस को सूचित किया। घटना स्थल से कोतवाली की दूरी 100 मीटर है। इसके बावजूद पुलिस सूचना मिलने के आधा घंटे बाद मौके पर पहुंची।
विज्ञापन

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें