तबाही के मंजर झेल चुका नेपाल अब एनडीआरएफ जवानों से रेस्क्यू ऑपरेशन के गुर सीखेगा। नेपाल आर्मी और पुलिस जवानों को नेशनल डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (एनडीआरएफ) तैयार करेगी।
एनडीआरएफ के कमांडेंट पीके श्रीवास्तव ने बताया कि नेपाल सरकार ने एनडीआरएफ से प्रशिक्षण दिलाने के लिए एनडीएमए से बात की है।
कमांडेंट ने बताया कि नेपाल से अधिकारी गाजियाबाद स्थित एनडीआरएफ की आठवीं बटालियन में आकर प्रशिक्षण का खाका तैयार करेंगे।
इसके बाद नेपाल से जवानों को बटालियन में बुलाकर आपदा प्रबंधन की ट्रेनिंग दी जाएगी। नेपाल में आए जलजले में करीब 18 हजार लोग मारे गए थे। राहत एवं बचाव कार्य में 31 देशों के71 टीमें लगी थी।
भारत में नेपाल दूतावास तैनात नेपाल पुलिस में एसएसपी राजेंद्र मान निष्ठा ने बताया कि त्रासदी में एनडीआरएफ ने अन्य टीमों से बेहतर काम किया था।
एनडीआरएफ की ट्रेनिंग से नेपाल की फोर्स आपदा प्रबंधन के लिए और भी मजबूत होगी। इतनी बड़ी आपदा के बाद नेपाल के आपदा प्रबंधन के लिए और तैयार होना है।