नई दिल्ली। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर बृहस्पतिवार की सुबह एक घंटे तक एक दिन-एक घंटा-एक साथ श्रमदान कार्यक्रम आयोजित करेगी। परिषद के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने बताया कि महात्मा गांधी के स्वच्छता संदेश को आगे बढ़ाने और दीनदयाल उपाध्याय की जयंती को सार्थक बनाने के लिए यह विशेष पहल की जा रही है। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर एनडीएमसी अध्यक्ष केशव चंद्रा की अध्यक्षता में बैठक हुई जिसमें सभी विभागाध्यक्ष मौजूद रहे।
श्रमदान को सफल बनाने के लिए 56 कर्मचारियों की विशेष टीम बनाई गई है जिनमें 14 सेनिटेशन सर्किल में एक-एक नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए। वहीं, उनके अधीन तीन-तीन उप-नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। इनकी जिम्मेदारी होगी कि हर कर्मचारी पूरे उत्साह से कार्यक्रम में भाग ले। चहल ने बताया कि श्रमदान केवल मैनुअल नहीं होगा, बल्कि इसमें मैकेनिकल रोड स्वीपर, प्रेशर जेटिंग और स्क्रबिंग मशीन जैसी आधुनिक तकनीक का उपयोग भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छ भारत मिशन की शुरुआत एनडीएमसी क्षेत्र से की थी और उसी भावना को आगे बढ़ाते हुए यह अभियान और प्रभावी ढंग से चलाया जाएगा।