द्वारका सेक्टर-14 स्थित वेगस मॉल में कलाकारों की 150 तस्वीरों को किया गया प्रदर्शित
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। द्वारका सेक्टर-14 स्थित वेगस मॉल में लगी रंगों और पेस्टल से संवारी गईं 150 तस्वीरें भारतीय कला और संस्कृति की विविधता को दर्शा रही थी। इन पेंटिंग्स पर ताजा गीले रंग थे, जिन्हें प्रदर्शनी के दौरान ही कलाकारों ने उकेरा था। यह प्रदर्शनी मॉल में कला प्रेमियों के लिए लगाई गई थी जिसे अनंत की ओर नाम दिया गया था।
प्रदर्शनी में नामचीन कलाकारों के साथ-साथ उभरते हुए कलाकारों की रचनाओं को भी जगह दी गई थी। इस अवसर पर पद्म भूषण से सम्मानित चित्रकार जतिन दास, पद्मश्री मिनिएचर आर्टिस्ट जय प्रकाश लक्षीवाल और प्रसिद्ध कथक डांसर नलिनी आस्थाना व कमलिनी आस्थाना मौजूद रही। इस दौरान वेगस मॉल के वाइस प्रेसिडेंट रविंदर चौधरी ने कहा, कि हम हमेशा ऐसे आयोजनों पर जोर देते हैं, जो सिर्फ शॉपिंग तक सीमित न रहें बल्कि लोगों को नए अनुभव दें। अनंत की ओर प्रदर्शनी इसी दिशा में उठाया गया कदम है, जो कला को समुदाय के करीब लाने और कलाकारों को मंच देने का प्रयास करती है।
ऑपरेशन सिंदूर की पेंटिंग से वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की कोशिश
इस खास मौके पर कलाभूमि ने भी इतिहास रचने का प्रयास किया। संस्था ने ऑपरेशन सिंदूर के क्षण को दर्शाते हुए 20×40 फीट के विशाल कैनवास पर पेंटिंग बनाकर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की कोशिश की। यह पेंटिंग प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण बनी और दर्शकों को देशभक्ति के साथ कला का अनोखा अनुभव दिया।