नई दिल्ली पालिका परिषद के 200 से ज्यादा कर्मियों के बैंक खाते हैक कर पैसे की हेराफेरी करने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार यह हेराफेरी फरवरी के पहले सप्ताह में की गई।
हालांकि अभी तक पुलिस को केवल दो शिकायतें मिली हैं लेकिन कर्मचारी यूनियन का कहना है कि 200 से कर्मियों के बैंक खातों में सेंध लगाई गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार इन शिकायतों पर कार्रवाई की जा रही है।
कर्मचारी यूनियन ने एनडीएमसी चेयरमैन को पत्र लिखकर कर्मचारियों के पैसे ही हेराफेरी के मुद्दे को उठाया। इस पत्र में कहा गया है कि अज्ञात लोगों ने कर्मचारियों के कई लाख रुपये दिल्ली एनसीआर के कई स्थानों पर एटीएम से निकाल लिए।
पुलिस यह मान रही है कि यह धोखाधड़ी फर्जी एटीएम कार्डों के जरिये की गई। यूनियन के पत्र कहा गया है कि ज्यादातर धोखाधड़ी एसबीआई के खातों में की गई है।