एक महिला ने शुक्रवार को प्रताप नगर मेट्रो स्टेशन पर आत्महत्या की कोशिश की। दिल्ली मेट्रो के रेड लाइन के प्रताप नगर स्टेशन पर महिला ने चलती ट्रेन के आगे कूद कर आत्महत्या करने का प्रयास किया, जिसके बाद मेट्रो रेल के परिचालन में कुछ समय के लिए देरी हुई ।
रेड लाइन मेट्रो दिल्ली के रिठाला से गाजियाबाद के न्यू बस अड्डे को जोड़ता है । यह घटना प्रतापनगर मेट्रो स्टेशन पर रात नौ बजकर 42 मिनट पर प्लेटफार्म नंबर दो पर हुई ।
पुलिस ने बताया कि 28 साल की महिला ने चलती ट्रेन के आगे छलांग लगा दी, हालांकि पहला कोच उसके ऊपर से गुजर गया लेकिन उसे मामूली चोट आई हैं ।
पुलिस ने बताया कि महिला का इलाज चल रहा है और वह खतरे से बाहर है। उन्होंने यह भी बताया कि महिला के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।