नई दिल्ली। महिलाओं की सृजनात्मक ऊर्जा और कलात्मक अभिव्यक्ति को समर्पित पांच दिवसीय कला कार्यशाला शक्ति का मंगलवार को भव्य प्रदर्शनी के साथ समापन हुआ। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद और त्रिवेणी कला संगम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रदर्शनी में देश की 20 प्रमुख महिला कलाकारों की कृतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
नेहरू पार्क में बनेगा मूर्तिकला पार्क
मुख्य अतिथि और एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। उन्होंने घोषणा की कि 'शक्ति' कार्यशाला अब एनडीएमसी के वार्षिक सांस्कृतिक कैलेंडर का स्थायी हिस्सा होगी। इसके साथ ही उन्होंने राजधानी के नेहरू पार्क में जल्द ही एक 'मूर्तिकला पार्क' विकसित करने और कला के क्षेत्र में 'आजीवन उपलब्धि पुरस्कार' शुरू करने का भी ऐलान किया।
27 से 31 मार्च तक चली इस कार्यशाला में वसुंधरा तिवारी ब्रूटा, सीमा कोहली और कंचन चंदर सहित 20 विख्यात महिला कलाकारों ने हिस्सा लिया। कलाकारों ने अपनी पेंटिंग्स के माध्यम से महिलाओं की ताकत, संघर्ष और संवेदनशीलता को कैनवास पर उतारा। इस अवसर पर प्रख्यात कलाकार रामेश्वर ब्रूटा सहित कला जगत की कई बड़ी हस्तियां मौजूद रहीं। संवाद