वैकल्पिक मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ा, लगातार लग रहा जाम
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। नवादा मेट्रो स्टेशन के पास सड़क और सीवर लाइन की मरम्मत के लिए 21 मई से बंद नवादा से उत्तम नगर जाने वाली सड़क 45 दिन बीत जाने के बाद भी नहीं खोली गई है। इलाके में यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित है। जिन रास्तों की दूरी चंद मिनटों में तय हो जाती थी, अब उसी दूरी को तय करने में करीब एक घंटे लग रहे हैं। सड़क बंद होने के कारण वैकल्पिक मार्गों पर वाहनों का दबाव काफी बढ़ गया है, जिससे लगातार जाम भी लग रहा है।
लोगों का आरोप है कि सड़क और सीवर लाइन मरम्मत का काम बहुत धीमा है, जिसके कारण काम तय समय सीमा में पूरा नहीं हो सका। शुरुआत में अनुमान लगाया गया था कि यह काम 45 दिनों में पूरा हो जाएगा, लेकिन अब तक सड़क को चालू नहीं किया गया है।
-
पहले नवादा से उत्तम नगर पहुंचने में 10-15 मिनट लगते थे, अब करीब एक घंटा लग जाता है। -राहुल शर्मा
-
ऑफिस समय पर पहुंचना मुश्किल हो गया है। सड़क बंद होने से हर दिन लंबा चक्कर लगाना पड़ता है। -पूजा वर्मा
-
45 दिन पूरे होने के बाद भी सड़क नहीं खुली। काम बहुत धीमी गति से चल रहा है। विभाग को इस पर ध्यान देना चाहिए। -रीना देवी