देशशभर के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में 26 से 31 अगस्त तक फिट इंडिया कैंपेन चलेगा। राष्ट्रीय खेल दिवस के तहत सभी उच्च शिक्षण संस्थानों में एक हफ्ते तक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
शिक्षा मंत्रालय ने इस संबंध में सभी राज्यों के अलावा यूजीसी, एआईसीटीई को भी पत्र लिखा है। इसमें छात्रों को स्थानीय खेलों के अलावा पारंपरिक खेलों से जोड़ने का भी आग्रह किया गया है। यूजीसी के सचिव प्रोफेसर मनीष जोशी ने शनिवार को सभी विश्वविद्यालयों के कुलपतियों को राष्ट्रीय खेल दिवस के तहत एक हफ्ते तक खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन का निर्देश दिया है।
इसमें लिखा है कि हॉकी के दिग्गज खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए राष्ट्रीय खेल दिवस का आयोजन किया जाता है। इसका मकसद सभी को शारीरिक फिटनेस, नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है।
उच्च शिक्षण संस्थानों में 26 से 31 अगस्त तक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। टीमों के नाम स्वतंत्रता सेनानियों या फिर प्रसिद्ध खिलाड़ियों के नाम पर रखे जाएंगे, जबकि ट्राॅफी का नाम मेजर ध्यानचंद होगा। प्रतियोगिताओं में दौड़, वाॅलीबॉल, हॉकी, फुटबॉल, टेनिस, क्रिकेट, बैडमिंटन, चेस, बास्केटबॉल, टेबल टेनिस, खो-खो, रोप जंपिंग, लेमन रेस आदि हो सकती हैं।
इसके अलावा छात्र फिट इंडिया शपथ भी लेंगे। प्रतियोगिताओं की रिपोर्ट यूजीसी को भेजने के अलावा अपने अधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर भी अपलोड करनी होगी।