आगामी रविवार को नई दिल्ली के कांस्टिट्यूशन क्लब में जीर्ण यकृत रोग के प्रबंधन पर राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन होगा। ऑल इंडिया आयुर्वेदिक स्पेशलिस्ट पोस्ट ग्रेजुएट एसोसिएशन की ओर से आयोजित इस एक दिवसीय सम्मेलन में बनारस हिंदू विवि के सेवानिवृत्त डॉ. एसडी दुबे मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद होंगे।
वहीं जोधपुर स्थित सर्वपल्ली राधाकृष्णन आयुर्वेद विवि के कुलपति प्रो अभिमन्यु कुमार सत्र की अध्यक्षता करेंगे। इनके अलावा अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान की निदेशक प्रो तनुजा केसरी विशिष्ट अतिथि होंगी। सत्र में आयुर्वेद विशेषज्ञ प्रो वीडी अग्रवाल, डॉ. आरके यादव, डॉ. वीजी हुड्डा, डॉ. एस राजगोपाला, डॉ. अरूण महापात्रा और डॉ. प्रमोद यादव जीर्ण यकृत रोग के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार साझा करेंगे।
इसके अलावा 40 शोध पत्रों और उनसे जुड़ी रिपोर्ट भी प्रस्तुत की जाएगी। एसोसिएशन के उपाध्यक्ष वीडी अग्रवाल ने ये जानकारी देते हुए बताया कि उनका संगठन आयुर्वेद के प्रसार और उत्थान के लिए करीब 40 वर्ष से काम कर रहा है। हर वर्ष अलग अलग स्वास्थ्य विषय पर सम्मेलन इत्यादि का आयोजन किया जाता है।
दिल्ली चैप्टर के अध्यक्ष डॉ. आरके यादव ने बताया कि इस सम्मेलन के जरिए स्वास्थ्य संरक्षण और बीमारी की रोकथाम के प्राचीन अनुभूत आयुर्वेदिक तरीकों के माध्यम से जीर्ण यकृत रोग के प्रबंधन को बढ़ावा देने में सहायक होगा।