1100 एएफसी गेट होंगे अपग्रेड
एनसीएमसी को देखते हुए मेट्रो स्टेशनों के 1100 एएफसी गेट को अपग्रेड किया जा रहा है। मेट्रो स्टेशनों पर नए फीचर वाले करीब एक हजार एएफसी गेट लगाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इसके अलावा फेज चार के निर्माणाधीन तीन कॉरिडोर पर एनसीएमसी फीचर वाले 350 नए गेट लगाए जाएंगे। इससे आने वाले दिनों में यात्री रुपे कार्ड एएफसी गेट पर स्कैन कर किराया चुका सकते हैं। मेट्रो प्रबंधन से जुड़े एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह सेवा सभी कॉरिडोर में शुरू हो गई है। यात्री रुपे कार्ड से यात्रा शुल्क का भुगतान कर सकते हैं। एक निजी डिजिटल पेमेंट बैंकिंग कंपनी द्वारा जारी एनसीएमसी कार्ड से मेट्रो में किराया भुगतान की सुविधा शुरू की है।
286 मेट्रो स्टेशन, 390 किलोमीटर दायरा
आठ कॉरिडोर में रेड लाइन (रिठाला से शहीद स्थल), येलो लाइन (समयपुर बादली से मिलेनियम सिटी सेंटर गुरुग्राम), ब्लू लाइन (द्वारका सेक्टर 21 से नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी), ब्लू लाइन (यमुना बैंक से वैशाली), ग्रीन लाइन (कृति नगर-इंदरलोक से ब्रिगेडियर होशियार सिंह), वॉयलेट लाइन (कश्मीरी गेट से राजा नहर सिंह), पिंक लाइन (मजलिस पार्क से शिव विहार), मजेंटा लाइन (जनकपुरी वेस्ट से बॉटनिकल गार्डन) के मेट्रो स्टेशन शामिल हैं। दिल्ली मेट्रो में रैपिड और एक्वा लाइन को मिलाकर कुल 286 मेट्रो स्टेशन शामिल हैं। इनका दायरा लगभग 390.143 किलोमीटर है।
यह है एनसीएमसी सुविधा
एनसीएमसी से यात्री मेट्रो ट्रेन सहित एयरपोर्ट या बसों के किराये का भुगतान कर सकते हैं। यह कार्ड पूरे देश में मान्य है। इस कार्ड से टोल पार्किंग का शुल्क भी जमा किया जा सकता है। उपभोक्ता इस कार्ड से शॉपिंग के अलावा एटीएम से नकदी भी निकाल सकेंगे। इस कार्ड की मदद से कार्ड होल्डर को देश के किसी भी स्थान से शॉपिंग, बैंकिंग की सुविधाएं मिलती हैं।