इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मंगलवार को बीएसएफ के एएसआई ने एक महिला का पर्स उड़ा लिया, जिसमें लाखों रुपये के जेवरात थे। पीड़िता अपने पति के साथ कश्मीर जा रही थी। सिरदर्द के कारण बैठे हुए उसकी आंख लगी तो आरोपी ने वारदात को अंजाम दे दिया।
एयरपोर्ट थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से कुछ ही देर में आरोपी को एयरपोर्ट से ही दबोच लिया। उसकी पहचान हरियाणा निवासी एएसआई नरेश कुमार के रूप में हुई। वह ड्यूटी ज्वाइन करने बागडोरा, पश्चिम बंगाल जा रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस उपायुक्त संजय भाटिया ने बताया कि पीड़ित जुबैदा परिवार के साथ दिल्ली में रहती है। उनके रिश्तेदार की कश्मीर में शादी है। शनिवार को वह पति शौकत खान के साथ एयरपोर्ट पर कश्मीर के लिए फ्लाइट पकड़ने के लिए आई थी। इस दौरान जुबैदा सिर में दर्द था और वह वेटिंग एरिया में बैठकर आराम कर रही थी। उसे नींद की झपकी लग गई। कुछ देर बाद उसने देखा कि बराबर में रखा उसका पर्स गायब था, जिसमें लाखों रुपये के आभूषणों के अलावा मोबाइल व अन्य कीमती सामान था।
सूचना पर आईजीआई एयरपोर्ट पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से छानबीन की तो आरोपी की पहचान हो गई। इसके बाद आरोपी को एयरपोर्ट से ही गिरफ्तार कर लिया। वह शराब के नशे में था। उसके पास से जुबैदा का पर्स बरामद हो गया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।