उत्तम नगर इलाके के ओम विहार के एक गोदाम से मिली भारी मात्रा में अवैध शराब के मामले में आप प्रत्याशी नरेश बाल्यान की मुश्किलें बढ़ सकती है। दिल्ली पुलिस आयुक्त बी एस बस्सी ने कहा है कि छानबीन में पता चला है कि शराब आप प्रत्याशी की थी। दिल्ली पुलिस ने उनसे पूछताछ के लिए दो बार नोटिस भेज चुकी है, लेकिन आप प्रत्याशी जांच में शामिल नहीं हुए।
दिल्ली पुलिस आयुक्त बी एस बस्सी ने बताया कि क्राइम ब्रांच की जांच में यह बात सामने आई कि जिस गोदाम से अवैध शराब पकड़ी गई थी, उस गोदाम का उपयोग आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार नरेश बाल्यान कर रहे थे।
क्राइम ब्रांच ने मंगलवार और बुधवार को बाल्यान को तफ्तीश में शामिल होने के लिए 160 का नोटिस भेजा, लेकिन चुनाव प्रचार में व्यस्त होने की बात कहकर जांच में शामिल नहीं हुए।
क्राइम ब्रांच के अधिकारी आगे की कार्रवाई करने के लिए विचार विमर्श में जुट गए हैं। आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि इस मामले में आप प्रत्याशी के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो सकती है। गौरतलब है कि 30 जनवरी को क्राइम ब्रांच ने ओम विहार फेस-1 स्थित एक गोदाम में छापा मारकर 8952 बोतल शराब बरामद की थी।