हरियाणा के श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री शिवचरण लाल शर्मा के भाजपा में जाने की खबरों को एक होर्डिंग ने और हवा दे दी है।
इस होर्डिंग से शहर के सियासी गलियारों में भूचाल आ गया है। बुधवार को एनएच-पांच स्थित उनकी एक बिल्डिंग पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ फोटो लगी एक होर्डिंग लगा दी गई।
जिसमें नारा लिखा गया है ‘एक कदम विकास की ओर...’।
मंत्री के भाजपा में जाने की अटकलें तेज
बुधवार शाम इस होर्डिंग को देखने के बाद शहर में शर्मा के भाजपा में जाने की अटकलें तेज हो गईं। शर्मा ने एनआईटी विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय चुनाव लड़कर कांग्रेस के कद्दावर नेता एवं उस समय कैबिनेट मंत्री रहे एसी चौधरी को हराया था।
कांग्रेस ने अपनी सीटें कम आने पर मजबूरी में उन्हें अपने साथ लेकर मंत्री बनाया।
लेकिन लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी अवतार सिंह भड़ाना ने आरोप लगाया था कि शर्मा ने चुनाव में उनका साथ न देकर भाजपा के लिए काम किया। हालांकि शर्मा इस बात का खंडन करते रहे हैं।
'मोदी से नहीं है लेना देना'
मंत्री के बेटे नीरज शर्मा कांग्रेस से इस्तीफा दे चुके हैं। ऐसे में इस होर्डिंग ने अब लोगों की आशंकाओं को मजबूती देना शुरू कर दिया है।
इस बारे में नीरज शर्मा का कहना है कि उनके किसी दोस्त ने यह होर्डिंग लगा दिया। बोर्ड में नरेंद्र मोदी की फोटो प्रधानमंत्री के रूप में लगाई गई है न कि भाजपा नेता के रूप में।
वहीं, हरियाणा सरकार में मंत्री शिवचरण लाल शर्मा ने कहा कि जिस बिल्डिंग की बात की जा रही है वह उनके बेटे के दोस्त की है। उन्होंने इस मामले पर खुद होर्डिंग लगाने वाले के प्रति नाराजगी जताई है। कहा कि भाजपा में जाने की खबरें बेबुनियाद हैं। मोदी से उनका लेना-देना नहीं है।