मथुरा-आगरा के बीच बसने वाले ग्रीनफील्ड टाउनशिप न्यू आगरा को 14.6 लाख लोगों के रहने के लिए बसाने की योजना तैयार कर ली गई है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के व्यापक सर्वेक्षण और परामर्श के बाद सलाहकार ने न्यू आगरा की डीपीआर तैयार कर ली है।
सबसे अहम बात यह है कि गाजियाबाद से एयरपोर्ट तक जाने वाली नमो भारत ट्रेन अब न्यू आगरा तक दौड़ लगाएगी। इस नए शहर में औद्योगिक, वाणिज्यिक और पर्यटन से जुड़े विकास के जरिये लगभग 8.5 लाख व्यक्तियों के लिए रोजगार पैदा होने की उम्मीद है। चंडीगढ़ की तर्ज पर ली कोर्बुसिए के हाथों डिजाइन न्यू आगरा को बसाने के साथ ही इसकी कनेक्टिविटी को मजबूत करने की भी योजना है।
न्यू आगरा अर्बन सेंटर को नमो भारत (रैपिड रेल) के जरिये नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जोड़ा जाएगा। इसके लिए न्यू आगरा के जोनल प्लान में यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे 131 किमी लंबा ट्रैक बिछाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। करीब 9 हजार हेक्टेयर में विकसित होना वाला न्यू आगरा मल्टी मॉडल लाजिस्टिक व ट्रांसपोर्ट का हब भी बनेगा।
गाजियाबाद से नोएडा एयरपोर्ट तक नमो भारत रेल का संचालन प्रस्तावित है। 72.4 किलोमीटर लंबे ट्रैक पर 22 स्टेशन की डीपीआर पर केंद्र सरकार की आपत्ति के बाद दोबारा इसे तैयार किया गया है।
न्यू आगरा के जोनल प्लान में नमो भारत के जरिए एयरपोर्ट को न्यू आगरा अर्बन सेंटर तक जोड़ने का प्रस्ताव तैयार किया है। 165 किलोमीटर लंबे यमुना एक्सप्रेसवे पर एयरपोर्ट करीब 34 किलोमीटर पर है, यहां से न्यू आगरा तक 131 किमी लंबा ट्रैक बिछाकर एयरपोर्ट तक सीधी कनेक्टिविटी पर विचार किया जा रहा है। यह प्रस्ताव प्राधिकरण की आगामी बोर्ड बैठक में रखा जाएगा।
ताजमहल के पास होगा ताज ट्रैपेजियम जोन
ताजमहल के आस-पास पर्यावरण के प्रति संवेदनशील क्षेत्र का ख्याल रखते हुए ग्रीन श्रेणी के उद्योगों को अनुमति दी जाएगी। पर्यटन और मनोरंजन के लिए प्रमुख क्षेत्र होगा। यहां पर थीम पार्क, लक्जरी होटल, रिसॉर्ट व आधुनिक सम्मेलन और प्रदर्शनी केंद्र बनेंगे। डिज्नीलैंड और यूनिवर्सल स्टूडियो भी होंगे। इसके अलावा थीम पार्क में भारतीय धरोहर, भविष्यवादी थीम और वर्चुअल और ऑगमेंटेड रियलिटी का उपयोग होगा, जिससे लोगों को पूरी तरह से एक डिजिटल वातावरण का अनुभव मिलेगा।
मास्टर प्लान फेज-2 की मंजूरी के बाद प्राधिकरण ने न्यू आगरा अर्बन सेंटर का जोनल प्लान तैयार कर लिया है। शहर की एयरपोर्ट तक नमो भारत से कनेक्टिविटी का प्रस्ताव भी तैयार हुआ है। जोनल प्लान को आगामी बोर्ड बैठक में रखा जाएगा।
- डॉ. अरुणवीर सिंह, सीईओ, यमुना प्राधिकरण