भारत नगर इलाके में शराब पीने को लेकर हुए झगड़े के बाद तीन युवकों ने अपने दोस्त की पीट-पीटकर मार डाला। मृतक की शिनाख्त भल्ला (24) के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर मृतक के दोस्त पप्पू, लंबू और सूरजपाल को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपियों ने पत्थर से वारकर भल्ला की हत्या कर दी। आरोपियों के खून से सने कपड़े भी बरामद हो गए हैं। भारत नगर थाना पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस के मुताबिक बुधवार सुबह सावन पार्क रेलवे ट्रैक के पास एक युवक का खून से लथपथ अर्द्धनग्न शव बरामद हुआ। युवक का चेहरा कुचला हुआ था। छानबीन के बाद मृतक की शिनाख्त भारत नगर निवासी भल्ला के रूप में हुई। शव के पास शराब की कुछ बोतल भी बरामद हुईं।
छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला कि रात के समय भल्ला के दोस्त पप्पू, लंबू और सूरजपाल उसे बुलाकर घर ले गए थे। पुलिस ने तीनों को हिरासत में लिया तो आरोपियों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया।
तीनों ने बताया कि शराब पीने के दौरान उनका मामूली बात पर भल्ला से झगड़ा हो गया था, जिसके बाद उन लोगों ने उसे पत्थर से वारकर मौत के घाट उतार दिया। बाद में पहचान छुपाने के लिए उसके चेहरे को कुचल दिया गया।