वेलकम इलाके में शनिवार देर रात शराब ठेका इंचार्ज सुरेश कटियाल (50) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के समय पीड़ित स्कूटी से घर लौट रहे थे। वेलकम मेट्रो स्टेशन के पास बाइक सवार बदमाशों ने उन पर गोलियां बरसा दीं। शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने आशंका जताई है कि किसी रंजिश की वजह से सुरेश की हत्या की गई हैं। परिजनों से पूछताछ कर वेलकम थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, 4/32, भोलानाथ नगर, शाहदरा निवासी सुरेश के परिवार में पत्नी रीता कटियाल और दो बेटे बिजीत व नमन हैं। सुरेश डीएसआईआईडीसी में सरकारी नौकरी करते थे। फिलहाल उनकी तैनाती भजनपुरा स्थित डीएसआईआईडीसी के शराब के ठेके पर इंचार्ज के रूप में थी।
शनिवार रात को ठेके से घर के लिए निकलते समय सुरेश ने अपनी पत्नी से फोन पर एक घंटे में घर पहुंचने के लिए कहा। जब वह वेलकम मेट्रो स्टेशन के पास पहुंचे तो बाइक सवार बदमाशों ने उन पर गोलिया बरसा दीं। एक गोली उनके मुंह व दूसरी कंधे में लगी।
पुलिस ने पीड़ित को जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिवार का कहना है कि सुरेश की किसी से कोई रंजिश नहीं थी। पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर मामले की छानबीन में जुट गई है। पुलिस ने सुरेश की मोबाइल कॉल डिटेल निकलवाई है। उसके आधार पर मामले की छानबीन की जा रही है।