तीन के गले सोते वक्त काटे
आरोपी ने पहले सोते समय पत्नी का गला काटा। इस दौरान बड़ी बेटी की आंख खुली तो आरोपी ने उसे लिटाकर उसका भी गला रेत दिया। बाकी दोनों छोटी बेटियों को सोते समय मारा। वारदात के बाद उसको खुद भी जान देना थी, लेकिन वह हिम्मत नहीं जुटा पाया। वारदात को अंजाम देने के बाद उसने खून से सने कपड़े बदले और पांच बजे नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचा। वहां से दुरई एक्सप्रेस पकड़ी और अजमेर चला गया। वहां पहुंचने पर अजमेर से एक स्टेशन पहले किशनगढ़ उतारा। पुलिस ने उसे किशनगढ़ से गिरफ्तार किया। छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला है कि आरोपी के खिलाफ वर्ष 2025 में चोरी का एक केस आदर्श नगर थाने में है।
दो दिन पहले ही बना ली थी हत्या की योजना
मुनचुन शराब और सट्टे का आदी था। यही वजह थी कि उसने अपने करीबी दोस्तों से कर्ज लेकर सट्टा खेला और हार गया। उसने अपने गांव के दोस्त मिथिलेश से धीरे-धीरे करीब 13 लाख रुपये उधार ले लिए थे। मिथिलेश लगातार रुपये वापस मांग रहा था। 23 फरवरी को मिथिलेश ने पैसे मांगे तो मुनचुन ने बाद में देने की बात की। इस बात पर मिथिलेश ने उससे कहा कि वह उसकी पत्नी और बच्चों को उठा लाएगा। बच्चों से मजदूरी कराएगा। इस बात पर मुनचुन आग बबूला हो गया। दोनों के बीच गाली-गलौज भी हुई। उसने मिथिलेश के मोबाइल नंबर को ब्लॉक कर दिया।
हत्या से पहले करवाई बच्चों को खरीददारी
यहीं से उसके मन में आया कि वह परिवार को खत्म कर खुद भी जान दे देगा। 23 फरवरी को अनानास काटने वाला चाकू खरीदा और उसे बैग में रखकर घर ले आया। आरोपी ने सोचा था कि वह उसी रात पत्नी और बच्चों को मार देगा लेकिन मौका नहीं लगा। अगले दिन वह बच्चों को बाजार लेकर गया और खरीदारी करवाई। इसके बाद वह घर पहुंचा तो पत्नी ने खीर बनाई हुई थी। खाने-पीने के बाद पत्नी और बच्चे सो गए। मुनचुन सोया नहीं और चार बजे उसने वारदात को अंजाम दिया।
150 से अधिक पुलिस कर्मियों की टीमें कर रही थी तलाश
हत्याकांड के बाद मुनचुन की तलाश के लिए 10 से अधिक टीमों को लगाया गया। इनमें 150 से ज्यादा पुलिसकर्मी मौजूद थे। करीब 800 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए। टीमों को अजमेर, चेन्नई, बिहार समेत दूसरी जगहों पर भेजा गया। बाद में आरोपी कई जगह सीसीटीवी कैमरों में कैद मिला। यह अजमेर की ट्रेन में सवार होता हुआ दिखा। बाद में उसे दबोच लिया गया।
यह था पूरा मामला
बाहरी-उत्तरी दिल्ली के समयपुर बादली स्थित चंदन पार्क में 25 फरवरी को आरोपी अदरक कारोबारी मुनचुन केवट ने अपनी पत्नी अनीता (32) के अलावा तीन बेटियों अनुष्का (6), मुस्कान (5) और पल्लवी (4) की गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने छानबीन के बाद आरोपी को दबोच लिया।