दिल्ली के बिजवासन गांव में रहने वाले युवक की उसके ममेरे भाई ने बुधवार की रात को धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या कर दी।
आरोपी ने शव की पहचान छुपाने के लिए शव को मानेसर के पास खेत में फेंक दिया। पुलिस ने शव की पहचान कर मामले की जांच कापसहेड़ा थाना पुलिस को सौंप दी है।
मूल रुप से गंगाटन डिगल झज्जर का रहने वाला भूपेन्द्र (32) पुत्र रोहताश अपनी बुआ के गांव बिजवासन में रहता था। यहां उसने डेयरी चलाने के साथ एक छोटा कारखाना भी लगा रखा है।
जिसमें वह गारमेंट इंडस्ट्री से जुड़ा हुआ काम करता है। उसने अपने फुफेरे भाई से कुछ पैसा लेकर अपने कारोबार में लगा रखा था। जिसे लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था।
बुधवार की रात को बिजवासन के रहने वाले उसके फुफेरे भाई राकेश नले धारदार हथियार से उसकी हत्या करने के बाद शव कार में रख कर गुड़गांव के मानेसर के आगे केएमपी से सटी सड़क पर स्थित गांव पाड़ा गांव में सरसों के खेत में फेंक दिया।
मानेसर थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पहचान करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया। परिजनों के आने के बाद पूरे मामले की जांच दिल्ली के कापसहेड़ा थाना पुलिस ने शुरु कर दी है।