भलस्वा डेयरी इलाके में शुक्रवार देर रात एक नाबालिग लड़के ने बहन से दोस्ती करने से नाराज होकर नाबालिग पड़ोसी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। आरोपी ने चार नाबालिग दोस्तों के साथ वारदात की और फरार हो गया। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की जांच के बाद घटना के कुछ देर बाद ही मुख्य आरोपी समेत पांच नाबालिग आरोपियों को पकड़ा। पुलिस ने इनके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया है।
बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि 28 नवंबर की देर रात भलस्वा डेयरी थाना पुलिस को गोला चौक नमक गोदाम के पास चाकूबाजी की सूचना मिली। पुलिस पहुंची तो पता चला कि घायल 17 साल के नाबालिग को उसके रिश्तेदार पास के अस्पताल ले गए हैं। उस पर पड़ोसी चार-पांच लड़कों ने ही चाकू से हमला किया था। पीड़ित के शरीर में कई बार चाकू लगे है। वह घायल होकर बेहोश हो गया। पुलिस की टीम बाबू जगजीवन राम अस्पताल पहुंची तो पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर हत्या का मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस ने घटनास्थल पर क्राइम और फोरेंसिक टीम को बुलाया। टीम ने वहां का मुआयना करने के बाद जरूरी सबूत जुटाए। जांच में पता चला कि 17 साल का नाबालिग परिजनों के साथ भलस्वा डेयरी इलाके में रहता था। उसकी पड़ोस में रहने वाली एक लड़की से दोस्ती थी। इस बात पर नाबालिग का लड़की की भाई से विवाद चल रहा था। शुक्रवार रात नाबालिग किसी काम से स्वरूप नगर एक्सटेंशन के गोला चौक नमक गोदाम के पास था। जहां लड़की के भाई ने अपने चार दोस्तों के साथ मिलकर उस पर हमला कर दिया।
थाना प्रभारी एसएस यादव ने बताया कि पुलिस ने सभी आरोपियों की पहचान हो गई। उसके बाद टीम ने आरोपियों के ठिकानों पर दबिश देकर कुछ ही घंटों में मुख्य आरोपी समेत सभी को पकड़ लिया। सभी आरोपी नाबालिग हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद किया है।