नगर निगम की अतिक्रमण हटाओ टीम ने बुधवार को गांव घाटा में 800 झुग्गियों को हटा दिया। बता दें कि इस आठ एकड़ सरकारी जमीन पर लोगों ने कब्जा जमा रखा था।
यहां पर आएदिन झुग्गियों की संख्या बढ़ती जा रही थी। कार्रवाई के दौरान नगर निगम की संयुक्त निगमायुक्त अनु श्योकंद बतौर ड्यूटी मजिस्ट्रेट मौजूद रहीं। यहां अवैध भूजल दोहन के लिए लगाए गए बोरवेल पर को भी सील कर दिया गया।
नगर निगम की अतिक्रमण हटाओ टीम जैसे मौके पर पहुंची अफरा-तफरी मच गई। जेसीबी मशीनों ने जैसे ही कार्रवाई शुरू की तो कुछ लोगों ने इसका विरोध शुरू किया लेकिन पुलिस के आगे उनकी एक नहीं चली।
काफी देर तक चले इस अभियान में इस आठ एकड़ सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त कराया गया। नगर निगम की टीम ने मौके पर एक अवैध बोरवेल को भी सील कर दिया।
कब्जा हटाने के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में डीटीपी संजीव मान, सहायक इंजीनियर राजीव यादव, जूनियर इंजीनियर दीपक कुमार, बादशाहपुर थाना प्रभारी प्रवीण मौके पर पहुंचे।
उनके साथ भारी पुलिस बल व नगर निगम के कर्मचारी छह जेसीबी सहित गांव में पहुंचे। यह कार्रवाई निगमायुक्त टीएल सत्यप्रकाश के निर्देश पर की गई।
पिछले कुछ समय से नगर निगम सरकारी जमीनों पर कब्जा करने वालों पर काफी सख्त है। कब्जा हटाए जाने के बाद अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि अगर कोई फिर से इस जमीन पर कब्जे की कोशिश करेगा तो उस पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।