उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने करोल बाग इलाके में एक नवनिर्मित मोहल्ला क्लिनिक को ढहा दिया है। निगम का दावा है कि पीडब्ल्यूडी के हरदयाल सिंह रोड पर इस क्लिनिक का निर्माण बिना किसी अनापत्ति प्रमाण पत्र के किया गया था। लोकसभा चुनाव से पहले इस कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया कि, ‘दिल्ली में जब लोग मतदान करने के लिए निकले तो उन्हें इस बात को याद रखना चाहिए।
केजरीवाल ने दिल्ली सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी के ट्वीट को भी साझा किया। इसमें क्षतिग्रस्त क्लिनिक की तस्वीरें ट्वीट की गई हैं। दिल्ली सरकार ने इस मोहल्ला क्लीनिक का निर्माण किया था, जिस पर एमसीडी ने कार्रवाई की। केजरीवाल ने इस कार्रवाई की निंदा करते हुए शर्मनाक बताया और कहा कि यह क्लीनिक पीडब्ल्यूडी की सड़क पर निर्मित किया गया था, जिस पर कार्रवाई की जिम्मेवारी एमसीडी की नहीं है।
बावजूद इसके एक स्वास्थ्य सुविधा केंद्र पर बगैर नोटिस कार्रवाई की गई। उधर, मेयर आदेश गुप्ता ने इस पर पलटवार करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी को याद रखना चाहिए कि एक बार उनके वार्ड के एक पार्क में भी मोहल्ला क्लीनिक के निर्माण की कोशिश की गई थी। दिल्ली भाजपा के प्रवक्ता प्रवीण शंकर ने केजरीवाल के आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा रोड पर मोहल्ला क्लिनिक बनाए जाने से स्थानीय लोगों को समस्या हो रही थी। इसके लिए न केवल ट्रैफिक पुलिस से बल्कि एमसीडी से भी अनापत्ति प्रमाण पत्र लेना चाहिए थे। थी।
थाने में दी शिकायत
दिल्ली सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एनडीएमसी के खिलाफ पीडब्ल्यूडी से बिना पूर्व अनुमति मोहल्ला क्लिनिक तोड़ने पर प्रसाद नगर थाने में शिकायत दी गई है। डीसीपी सेंट्रल मनदीप सिंह रंधावा ने शिकायत की पुष्टि की है, लेकिन अब तक मामला दर्ज नहीं किया गया है।